मालेरकोटला में डीसी कार्यालय के बाहर आग लगाने वाले व्यक्ति की मौत, संपत्ति विवाद की आशंका; जांच शुरू

5.5kViews
1601 Shares

 मालेरकोटला में  डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने वाले 50 वर्षीय विवेक जिंदल की उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए राजिंदरा अस्पताल, पटियाला भेजा गया। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शुरुआती जांच में पारिवारिक संपत्ति विवाद को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार को डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विवेक जिंदल अचानक कार्यालय के बाहर रुके और अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों से घिर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आसपास के लोग बचाने पहुंचे

घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बचाने का प्रयास किया। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे विवेक जिंदल को तत्काल सिविल अस्पताल, मालेरकोटला पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें राजिंदरा अस्पताल, पटियाला रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाने शुरू कर दिए। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पारिवारिक संपत्ति विवाद से था परेशान

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवेक जिंदल लंबे समय से पारिवारिक संपत्ति से जुड़े विवाद से परेशान थे। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी जांच जारी है और घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

थाना सिटी-1 के थाना प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे राजिंदरा अस्पताल से विवेक जिंदल की मौत की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *