धनबाद कांग्रेस में सियासी घमासान: प्रदेश प्रभारी के सामने संतोष सिंह पर बरसे विरोधी, समर्थकों ने किया बचाव
धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी में एक बार फिर गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। सोमवार को पार्टी के दो अलग-अलग गुट रांची पहुंचे और प्रदेश नेतृत्व के समक्ष एक-दूसरे के खिलाफ अपनी-अपनी दावेदारी और शिकायतें रखीं।
एक गुट ने जिलाध्यक्ष संतोष सिंह को पद से हटाने की मांग की, जबकि दूसरे गुट ने उनके समर्थन में अनुशासनहीन नेताओं पर कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। ऐसे में दोनों गुटों की सक्रियता से धनबाद कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।
जिलाध्यक्ष संतोष सिंह के विरोधी गुट के करीब 25 नेताओं का प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि संतोष सिंह के जिला अध्यक्ष बनने के बाद संगठन कमजोर हुआ है और उनके कार्यकाल में लोकसभा, विधानसभा तथा निकाय चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
नेताओं ने कहा कि ऐसे में उन्हें दोबारा जिला अध्यक्ष बनाए रखना उचित नहीं है। उन्होंने संगठन में नए नेतृत्व की जरूरत बताते हुए संतोष सिंह को पद से हटाने की मांग की। प्रदेश प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
प्रदेश कमेटी के को-आर्डिनेटर एवं दुमका लोकसभा के सह प्रभारी रविन्द्र वर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश नेतृत्व के समक्ष अपनी बात रख दी है। अब सभी नेता पार्टी के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं और जो भी फैसला होगा, उसका पालन किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में राजेश्वर सिंह यादव, राजकुमार महतो, संजय जायसवाल, हुमायूं राजा, अवधेश पासवान, पप्पू पासवान, रवि रंजन सिंह, डी.एन. यादव, नंदन भुइयां, अंकित सिंह सहित अन्य नेता शामिल थे।
वहीं, जिलाध्यक्ष संतोष सिंह के समर्थन में भी एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश नेतृत्व से मुलाकात कर जिले में अनुशासनहीन गतिविधियों में शामिल नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए झारखंड प्रभारी के. राजू और अन्य वरिष्ठ नेताओं को ज्ञापन सौंपा गया है। इस प्रतिनिधिमंडल में कालीचरण यादव, मंटू यादव, गोपाल कृष्ण चौधरी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
अनुशासनहीन नेताओं पर कार्रवाई की मांग
वहीं, जिलाध्यक्ष संतोष सिंह के समर्थन में भी एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश नेतृत्व से मुलाकात कर जिले में अनुशासनहीन गतिविधियों में शामिल नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कांग्रेस के वरीय उपाध्यक्ष लक्ष्मण तिवारी के नेतृत्व में रांची पहुंचकर झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी बेला प्रसाद, भूपेंद्र मरावी तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद जिले में पार्टी विरोधी गतिविधियों एवं लगातार अनुशासनहीनता में संलिप्त नेताओं के विरुद्ध कड़ी संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की मांग संबंधी एक ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष दिनेश यादव मंटू दास, कालिचरण यादव, , अछयवर प्रसाद, गोपाल कृष्ण चौधरी सहित धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के दर्जनों वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

