केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज, बुधवार, 30 सितंबर को पंजाब के जालंधर पहुंच रहे हैं। यहां परागपुर के पास NH-44 के किनारे भाजपा की ओर से नशा विरोधी महारैली आयोजित की जा रही है। आयोजन के लिए करीब 63 एकड़ जमीन तैयार की गई है। इसमें अकेले 28 एकड़ में विशाल पंडाल बनाया गया है।
पंजाब ‘आप-दा’ सरकार के कुशासन के कारण नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। पंजाब के लोग नशे के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं और नशे के खात्मे के लिए पंजाब के लोगों को एकजुट करते हुए भाजपा द्वारा 18 सितंबर को ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरुआत की गई थी। यह यात्रा पंजाब के गांव-गांव पहुंची और लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के साथ-साथ युवाओं को भी इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। आज जालंधर में इस यात्रा के समापन के अवसर पर पंजाब वासियों से रूबरू (आमने-सामने) होऊंगा और नशे की मार झेल रहे परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द भी साझा करूंगा।
मुस्लिम संगठन पंजाब के नेता हाउस अरेस्ट
अमित शाह की जालंधर में होने वाली रैली तथा सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर में नतमस्तक होने से पहले मुस्लिम संगठन पंजाब के पदाधिकारियों को पुलिस ने घरों में नजरबंद कर दिया है। कारण, मुस्लिम संगठन पंजाब ने देश में कई जगहों पर प्राचीन मस्जिदों को गिराए जाने तथा मुस्लिम समाज सहित अल्पसंख्यकों की जायज मांगों को लेकर रोष जताया जा रहा है।
जिसके चलते 30 सितंबर को होने वाली गृह मंत्री की रैली के दौरान काले झंडे दिखाकर रोष व्यक्त करने को लेकर पहले से घोषणा की गई थी। जिसे लेकर पुलिस डिविजन नंबर 5 की पुलिस ने मुस्लिम संगठन पंजाब के महासचिव मजहर आलम सहित पदाधिकारियों को घर में ही नजरबंद कर दिया है। इस पर संस्था के सदस्यों ने पुलिस की कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला बताया है।
हाउस अरेस्ट किए गए नेता।
25 हजार से अधिक कुर्सियां लगीं
भाजपा की ओर से पंजाब में निकाली जा रही चार नशा मुक्ति यात्राओं का समापन भी इसी रैली में होगा। ये यात्राएं प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर करीब चार हजार किलोमीटर की दूरी तय कर जालंधर पहुंच रही हैं। बुधवार को चारों यात्राओं के कार्यकर्ता रैली स्थल पर जुटेंगे।
आयोजकों के अनुसार रैली के लिए बनाए गए विशाल पंडाल में 25 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं। पंडाल को पूरी तरह वातानुकूलित रखने की व्यवस्था की गई है। भीड़ का अनुमान एक लाख से अधिक लगाया जा रहा है, जबकि पार्टी स्तर पर इससे काफी अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना भी जताई गई है। इससे पहले तैयारियों से जुड़ी रिपोर्टों में करीब दो लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान सामने आया था।
रैली में दूर बैठे कार्यकर्ताओं को मंच साफ दिखाई दे और भाषण सुनने में परेशानी न हो, इसके लिए पंडाल के भीतर कई स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। पंडाल के बाहर भी स्क्रीन की व्यवस्था होगी। इसका उद्देश्य यह है कि पंडाल भरने के बाद बाहर मौजूद कार्यकर्ता भी मंच की गतिविधियां और अमित शाह का संबोधन देख और सुन सकें।
अमित शाह की रैली में लगाई गई कुर्सियां और उन पर रखे बैनर।
तीन हजार बसें पहुंचने का अनुमान
रैली में पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। वाहनों के लिए चार अलग-अलग पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। पंडाल के नजदीक वीआईपी वाहनों के लिए अलग पार्किंग होगी। इसके अलावा दोआबा, माझा और मालवा से आने वाले लोगों के रूट के अनुसार अलग-अलग दिशाओं में पार्किंग बनाई गई है।
आयोजकों के अनुसार रैली में तीन हजार से अधिक बसों और करीब दो हजार छोटे वाहनों के पहुंचने का अनुमान है। इससे रैली स्थल के आसपास यातायात पर दबाव बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए पार्किंग और यातायात व्यवस्था को अलग-अलग रूट के हिसाब से तैयार किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी रैली के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। पुलिस की ओर से विस्तृत यातायात योजना जारी की जानी है।
दोपहर सवा दो बजे पहुंच सकते हैं शाह
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह दोपहर करीब 12 बजे आदमपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:15 बजे वह श्री देवी तालाब मंदिर में माथा टेकने जाएंगे। इसके बाद दोपहर 2:15 से 2:30 बजे के बीच परागपुर स्थित रैली स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है।
भाजपा की चारों नशा मुक्ति यात्राएं मंगलवार शाम करीब छह बजे रैली स्थल पर पहुंचेंगी। वहां प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के वरिष्ठ नेता यात्राओं का स्वागत करेंगे। चारों यात्राएं 18 सितंबर से अलग-अलग मार्गों से शुरू हुई थीं और प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करने के बाद जालंधर पहुंच रही हैं।
नशे के मुद्दे पर केंद्रित है आयोजन
भाजपा ने इन यात्राओं और जालंधर की रैली को नशे के खिलाफ अपने अभियान से जोड़ा है। पार्टी के अनुसार यात्राओं का उद्देश्य नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाना है। रैली में अमित शाह के संबोधन के साथ अभियान का समापन होगा। आयोजन को लेकर भाजपा की ओर से प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी की गई है।
रैली स्थल पर तैयारियों के बढ़ते दायरे से साफ है कि आयोजकों ने बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को ध्यान में रखकर व्यवस्था की है। अब सभी की नजर बुधवार को होने वाली महारैली पर है, जहां चारों यात्राओं के समापन के साथ अमित शाह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
शाह की रैली में तैनात पुलिस फोर्स और लगे होर्डिंग।
जानें अमित शाह की नशा मुक्ति महारैली का शेड्यूल
कार्यक्रम का नाम: भाजपा पंजाब नशा मुक्ति महारैली
दिन व स्थान: बुधवार, नेशनल हाईवे पर परागपुर के पास
दोपहर 12:00 बजे: अमित शाह का आदमपुर एयरपोर्ट पर आगमन
दोपहर 01:15 बजे: श्री देवी तालाब मंदिर में माथा टेकेंगे
दोपहर 02:15 से 02:30 बजे: परागपुर रैली स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधन
स्वागतकर्ता: प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और वरिष्ठ नेता
ट्रैफिक व्यवस्था: नेशनल हाईवे पर रैली के कारण रूट में बदलाव रहेगा

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

