साहिबाबाद के रघुनाथ मंदिर के पास लगा कूड़े का अंबार, श्रद्धालु और राहगीर परेशान

5.6kViews
1023 Shares

 रामप्रस्थ कॉलोनी में श्री रघुनाथ मंदिर वाले मुख्य मार्ग के पास कूड़े का अंबार लगा हुआ है। इससे राहगीरों के साथ ही श्रद्धालुओं को मंदिर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम में लगातार शिकायत के बाद भी राहत नहीं मिल रही है।

कालोनी के अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि कूड़े के कारण मंदिर में आने वाले श्रद्धालु बहुत ज्यादा परेशान हैं। श्रद्धालु मंदिर में पूजा-पाठ करने के लिए आते हैं, लेकिन यहां गंदगी में उठ रही दुर्गंध के कारण लोग पूजा तक नहीं कर पाते।

गंदगी से पनप रहे मच्छर

गंदगी के कारण मच्छर पनप रहे हैं, जिससे लोगों में डेंगू, मलेरिया, टायफाइड जैसी संक्रामक बीमारियां फैलना का डर बना हुआ है। लोगों के स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।

अखिल भारतीय युवा मोर्चा संगठन के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार चौटाला, महासचिव आरिफ खान ने नगर निगम से मांग की है कि रघुनाथ मंदिर के आस-पास से कूड़े के ढेर को हटाया जाए।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश का कहना है कि कूड़े का उठान रोजाना कराया जाता है, अगर नहीं कराया गया है तो तुरंत उठान कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *