सिंगरौली| 21 सितंबर 2026। जिले में अवैध रेत के परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार एवं खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा अवैध रेत परिवहन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को खनि निरीक्षक अशोक मिश्रा ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए रेत के अवैध परिवहन में संलग्न दो वाहनों को जप्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा द्वारा 21 सितंबर 2026 को अवैध रेत परिवहन की जांच के दौरान वाहन क्रमांक MP66A 1557 को जयंत चौकी के पास से जप्त किया गया। कार्रवाई के बाद जप्त वाहन को पुलिस चौकी जयंत में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।

निगाही कॉलोनी से बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त
इसी कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग की टीम ने निगाही कॉलोनी क्षेत्र में भी रेत के अवैध परिवहन में संलग्न एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया। जप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को नवानगर थाना में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
खनिज नियमों के तहत होगी आगे की कार्रवाई
दोनों वाहनों को जप्त किए जाने के बाद अब उनके संबंध में प्रचलित खनिज नियमों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा यह भी जांच की जाएगी कि वाहनों में परिवहन की जा रही रेत के संबंध में वैध दस्तावेज एवं अनुमति उपलब्ध थी या नहीं।
जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अलग-अलग क्षेत्रों में खनिज विभाग की निगरानी और जांच के बीच वाहनों की धरपकड़ से अवैध परिवहन में लगे कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अवैध खनन और खनिजों के परिवहन के मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। सोमवार की कार्रवाई में दो वाहनों की जप्ती को इसी अभियान की एक कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

