अरवल में बेलगाम थार का कहर, सड़क किनारे खड़ी 9 साल की बच्ची को रौंदा; 2 अन्‍य गंभीर, NH जाम

1519 Shares

 थाना क्षेत्र के कोनी कुटी गांव के समीप एनएच-139 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार थार की चपेट में आने से नौ वर्षीय बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान कोनी कुटी निवासी धनंजय राम उर्फ चवन्नी की नौ वर्षीय पुत्री रागिनी कुमारी के रूप में हुई है।

बच्‍ची को कुचलने के बाद गुमटी में मारी टक्‍कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार मेहंदिया की ओर से तेज रफ्तार में औरंगाबाद की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी रागिनी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और थार सड़क किनारे स्थित एक गुमटी में जा घुसी, जिससे गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद चालक थार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी तथा मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-139 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मुआवजा और कार्रवाई के लिए एनएच जाम

सूचना पर मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, अपर थानाध्यक्ष राजेश कुमार तथा पुलिस अवर निरीक्षक रोहित राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। बीडीओ ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत तत्काल 20 हजार रुपये का चेक स्‍वजन को दिया।

प्रशासन और पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने तकरीबन 1 घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर लिया है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए अरवल भेज दिया गया। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *