अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मायाराम महाविद्यालय में हुआ योग कार्यक्रम का आयोजन

सिंगरौली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मायाराम महाविद्यालय, सिंगरौली परिसर में शनिवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक संतुलन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के डायरेक्टर बद्री नारायण बैस के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित कई योग मुद्राओं का अभ्यास किया तथा प्राणायाम के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ की जानकारी प्राप्त की। योग प्रशिक्षकों द्वारा योग के विभिन्न आयामों और इसके लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने स्वस्थ, निरोग एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता से परिपूर्ण रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *