80 साल की उम्र में भूखा रख रहा बेटा… हाथरस पुलिस से फरियाद लगाने पहुंचे बुजुर्ग दंपती, खाकी ने की कार्रवाई

बुढ़ापे में सहारे की उम्मीद रखने वाले एक बुजुर्ग दंपती ने अपने ही पुत्र पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद सिकंदराराऊ पुलिस ने आरोपित पुत्र के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव इकबालपुर निवासी 80 वर्षीय सुखराम अपनी पत्नी 70 वर्षीय सावित्री देवी के साथ सोमवार को सिकंदराराऊ कोतवाली पहुंचे।

पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि परिवार के बीच रहते हुए भी उन्हें उपेक्षा और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। दंपती का कहना है कि उन्हें समय पर भोजन तक नहीं दिया जाता और उनकी जरूरतों की अनदेखी की जाती है।

सुखराम ने बताया कि उनके तीन पुत्र हैं। बड़ा पुत्र पप्पू दिल्ली में नौकरी करता है, जबकि अजब सिंह और जितेंद्र सिंह गांव में रहकर खेती-बाड़ी करते हैं। आरोप लगाया कि परिवार के व्यवहार से उनका जीवन कठिन हो गया है। सावित्री देवी ने बताया कि कुछ समय पहले उनकी आंख का मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था। इसके बावजूद उन्हें लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

चूल्हे के धुएं से आंख की रोशनी पर असर

सावित्री का कहना है कि चूल्हे के धुएं से उनकी दूसरी आंख की रोशनी पर भी असर पड़ा है। उम्र और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण अब उनके लिए यह काम करना मुश्किल हो गया है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब बुजुर्गों के सम्मान और अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों की बात सुनी और आवश्यक कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *