2 क्रू मेंबर्स का रेस्क्यू, 22 की तलाश… नेवी ने बंगाल की खाड़ी में उतारे 3 युद्धपोत, डूब गया था कार्गो जहाज

2.1kViews
1537 Shares

ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से चीन के लिए रवाना हुआ मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर बंगाल की खाड़ी में लापता हो गया है। जहाज पर 24 विदेशी क्रू सदस्य सवार थे।

अब तक दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी सदस्यों की तलाश जारी है। भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया है।

तीन युद्धपोतों से समुद्र में तलाश

लापता जहाज की तलाश के लिए भारतीय नौसेना ने आईएनएस वराद, आईएनएस अनमोल और आईएनएस विजित को अभियान में लगाया है। भारतीय तटरक्षक बल की पारादीप स्थित टीम भी अपने पोत के साथ समुद्र में तलाश कर रही है। अधिकारियों ने समुद्र के बड़े क्षेत्र में खोज अभियान शुरू किया है।

20 अगस्त की रात पारादीप से हुआ था रवाना
जानकारी के अनुसार, एमवी ओशन विनर 20 अगस्त की रात पारादीप बंदरगाह से चीन के लिए रवाना हुआ था। जहाज पर करीब 72 हजार मीट्रिक टन लौह अयस्क लदा था। म्यांमार के रास्ते चीन की ओर बढ़ने के दौरान जहाज से संपर्क टूट गया।

बताया गया है कि पारादीप से करीब 220 समुद्री मील दूर पोर्ट ब्लेयर क्षेत्र के पास समुद्री सीमा में जहाज का पता नहीं चल पाया। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।

जहाज पर 20 चीनी समेत 24 विदेशी नागरिक

एमवी ओशन विनर पर कुल 24 विदेशी क्रू सदस्य सवार थे। इनमें 20 चीनी नागरिक, तीन म्यांमार के नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। दो सदस्यों को बचाए जाने के बाद अब अन्य लोगों का पता लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *