शहर के सबसे व्यस्त संपर्क मार्गों में शामिल बरोदा रोड से विश्वकर्मा चौक की तरफ जाने वाला रास्ता अगले तीन दिन तक वाहनों के लिए बंद रहेगा। इसका कारण है टी-प्वाइंट के पास स्थित मुख्य सीवर लाइन के मेनहोल का क्षतिग्रस्त होना है। जनस्वास्थ्य विभाग यहां मरम्मत और नए स्लैब के निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है, जिसके चलते यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
बरोदा रोड पर 20 फीट गहरी मुख्य सीवर लाइन के मेनहोल का स्लैब लगातार भारी वाहनों के दबाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। तकनीकी जांच में पाया गया कि स्लैब किसी भी समय पूरी तरह धंस सकता है, जिससे बड़ा हादसा भी हो सकता है। इसी को देखते हुए विभाग मरम्मत का निर्णय लिया। यह मार्ग शहर का प्रमुख संपर्क रास्ता है, जहां से प्रतिदिन पांच हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।
बरोदा, जुलाना, महम और शहर के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाला यह मार्ग बंद होने से लोगों को अगले तीन दिन अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। 20 फीट गहराई वाले मेनहोल का स्लैब टूटने की स्थिति में वाहन सीधे गड्ढे में गिर सकते थे। ऐसे में मरम्मत कार्य केवल सीवर व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी जरूरी माना गया।
मार्ग बंद रहने से विश्वकर्मा चौक व बरोदा रोड के बीच के क्षेत्र में दुकानदारों और यहां रह रहे लोगों को हल्की असुविधा का सामना करना पड़ेगा। अधिकारियों का कहना है कि कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर तीन दिन के भीतर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।
यह रहेगा वैकल्पिक रूट
बरोदा-जुलाना मार्ग की तरफ से आने वाले वाहन अब महम रोड की तरफ जाने के लिए सिविल मार्ग से गुजरेंगे, जिससे लगभग एक किलोमीटर की अतिरिक्त दरी तय करनी पड़ेगी। वहीं विश्वकर्मा चौक की तरफ जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजरना होगा।


