न्यायखंड-1 की सड़कों पर भरा गंदा पानी, पॉश सोसायटी सुपरटेक आइकन के पास खुले नाले ने बढ़ाई रेजिडेंट्स की मुसीबत
न्यायखंड-1 में नाला निकासी की व्यवस्था ठीक न होने के कारण ओवरफ्लो होने से सोमवार को पेट्रोल पंप और स्टेडियम के सामने जलभराव हो गया।
आए दिन नाले का पानी सड़कों पर भरने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर कई जगह जलभराव होने से सुबह और शाम जाम की स्थिति बन रही है।
बदबू फैल रही, आने-जाने में परेशानी
सुपरटेक आइकन सोसायटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने बताया कि गंदा पानी जमा होने से बदबू फैल रही है। विद्यार्थियाें, बुजुर्गों और ऑफिस आने-जाने वालों को बहुत परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालक गड्ढों के कारण आए दिन गिर जाते हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण एजेंसी ने काम शुरू करने के साथ जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं की। लोगों ने समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
वहीं, नगर निगम के निर्माण विभाग के अवर अभियंता संजय गंगवार का कहना है कि नाला बनने के कारण पानी रोका गया है। मशीन से सड़कों से पानी निकाला जा रहा है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

