इटावा में महिला डाक्टर ने दी जान, NEET PG की कर रही थी तैयारी, मिला सुसाइड वीडियो

फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर में पीजी नीट की तैयारी कर रही 27 वर्षीय डाक्टर ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर में अकेली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अर्जुन नगर निवासी सौम्या दीक्षित ने गुरुवार रात घर के आंगन में लगे जाल से रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मोहल्ले के लोगों ने शव लटका देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

बताया गया कि सौम्या ने कानपुर स्थित रामा देवी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और वर्तमान में पीजी नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई और भविष्य को लेकर काफी तनाव में रहती थीं।

बताया जा रहा है कि 26 मई को भी उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया था। घटना के समय उनकी मां कामिनी दीक्षित अपने पुत्र शिवम दीक्षित के पास बेंगलुरु गई हुई थीं, जबकि पिता रविकांत दीक्षित व्यवसाय के सिलसिले में जसवंतनगर स्थित कोल्ड स्टोरेज पर थे। मृतका का भाई शिवम बेंगलुरु में इंजीनियर है।

पुलिस जांच के दौरान छात्रा के टेबलेट से एक सुसाइड वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई है। वीडियो में उसने पीजी नीट परीक्षा से जुड़े तनाव और कुछ पारिवारिक कारणों का उल्लेख किया है। पुलिस ने टेबलेट सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *