शिमला में सड़क हादसे: समरहिल चौक में बस की हैंडब्रेक फेल, गाड़ी से टकराई; ताराहाल के पास सेना के ट्रक ने कार रौंदी

1620 Shares

 शिमला शहर में सोमवार को दो हादसे हुए। समरहिल चौक पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बस की अचानक हैंडब्रेक फेल हो गई। हैंडब्रेक फेल होने के बाद बस पीछे की ओर खिसकने लगी और पीछे से निकल रही एक गाड़ी से जा टकराई। अचानक हुए घटनाक्रम से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए उनकी सांसें थम गईं।

बताया जा रहा है कि बस समरहिल चौक के पास खड़ी थी। इसी दौरान हैंडब्रेक में तकनीकी खराबी आने के कारण बस पीछे की तरफ बढ़ गई। पीछे से गुजर रही गाड़ी इसकी चपेट में आ गई। टक्कर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

गाड़ी हुई क्षतिग्रस्त
गनीमत रही कि बस की चपेट में कोई राहगीर या अन्य वाहन नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में गाड़ी को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की सूचना संबंधित विभाग और पुलिस को दी गई। मामले में हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

सेना के ट्रक की टक्कर से खड़ी कार क्षतिग्रस्त

उधर, ताराहाल के पास सोमवार को सेना के ट्रक की टक्कर से सड़क किनारे खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि जिस समय ट्रक कार से टकराया, उसमें कोई नहीं था। सेना का ट्रक ताराहाल की ओर से गुजर रहा था कि इसी दौरान सड़क पर एक स्कूटी चालक को बचाने के चक्कर में चालक ने ट्रक को दूसरी और मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर जुटी भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *