कटक के बारंग थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में लगभग 5 लाख रुपये से भरा बैग लूटे जाने की घटना ने लोगों को दहला दिया है। बदमाशों ने महज 50 रुपये के नोट का लालच देकर एक संविदाकर्मी को झांसे में लिया और उसके पास मौजूद लाखों रुपये लेकर फरार हो गए।
घटना बारंग थाना से करीब 500 मीटर दूरी पर बारंग-भुवनेश्वर मुख्य सड़क पर गुरुवार दोपहर हुई।
बैंक से निकलने के बाद ही करने लगे पीछा
जानकारी के अनुसार बारंग ब्लॉक में कार्यरत संविदा कर्मचारी लक्ष्मीधर नंदा दोपहर करीब 2.40 बजे ब्लॉक कार्यालय के सामने स्थित केनरा बैंक शाखा से 4 लाख 76 हजार रुपये निकालकर लौट रहे थे। बैंक से निकलने के बाद दो युवक मोटरसाइकिल पर उनका पीछा कर रहे थे।
कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद आरोपितों ने अपनी बाइक से 50 रुपये का एक नोट सड़क पर गिरा दिया और दूर से आवाज लगाकर कहा कि उनका 50 रुपये का नोट गिर गया है।
अचानक आवाज सुनकर लक्ष्मीधर नंदा पीछे लौटे और नोट उठाने के लिए झुक गए। इसी दौरान घात लगाए बैठे दोनों बदमाश उनके हाथ से नकदी से भरा बैग छीनकर पल्सर मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित कुछ समझ ही नहीं पाए।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने तुरंत बारंग थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात किसी पेशेवर अपराधी गिरोह ने अंजाम दी है, जिसने पहले से ही बैंक से निकलने वाले व्यक्ति पर नजर रखी हुई थी।
बैंकों के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारंग थाना क्षेत्र में पहले भी इस तरह की लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में भय का माहौल है।
नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से बैंक और सार्वजनिक स्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


