‘लोगवा देत काहे गारी…’ की तान से गूंजा मंच, मैथिली ठाकुर बोलीं-सनातन संगीत बॉलीवुड का बेहतर विकल्प

2.6kViews
1484 Shares

 मंच पर जैसे ही प्रसिद्ध लोक एवं भजन गायिका व अलीनगर विधायक मैथिली ठाकुर ने लोकगीत ‘लोगवा देत काहे गारी…’ की तान छेड़ी, पूरा माहौल लोक संस्कृति के रंग में रंग गया। भजन और लोकगीत की स्वर लहरियों के बीच उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया।

सनातन संगीत बने बेहतर विकल्प

महान स्वतंत्रता सेनानी बिहार विभूति पंडित सहदेव झा स्मृति समारोह में मैथिली ठाकुर ने कहा कि सनातन संगीत बॉलीवुड का बेहतर विकल्प बन सकता है। प्रत्येक परिवार में भजन और सनातन संगीत का वातावरण होना चाहिए। इससे मानसिक तनाव कम होता है, मन को सुकून मिलता है और परिवार में आनंद का माहौल बनता है।

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ें

उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी भी सनातन संगीत और लोकगीतों को पसंद कर रही है। क्षेत्रीय भाषाओं में गाने वाले कलाकारों को सम्मान के साथ व्यापक लोकप्रियता मिल रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को लोक संस्कृति, लोकभाषा और सनातन संगीत से जोड़ें।

भजन प्रस्तुति से बांधा समां

समारोह में मैथिली ठाकुर ने भजन की प्रस्तुति से लोगों को भावविभोर कर दिया। उन्होंने कहा कि लोकभाषा और सनातन संगीत से जुड़े कलाकार आज लोगों के दिलों में अपनी अलग जगह बना रहे हैं। भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को बढ़ावा मिलने से देशभर में भजन संध्या और सांस्कृतिक आयोजनों का विस्तार हुआ है।

पंडित सहदेव झा को किया याद

मंच से पंडित सहदेव झा को याद करते हुए उन्होंने कहा कि मां भारती की रक्षा और देश की आजादी के लिए उन्होंने अपने प्राणों की चिंता नहीं की। परिवार की परवाह किए बिना अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया। अगस्त क्रांति के दौरान उनके नेतृत्व में मीनापुर थाना पर हमला हुआ था। इस दौरान हुई गोलीबारी में कई लोग घायल हुए और बांगुर सहनी ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

जुब्बा साहनी को दी श्रद्धांजलि

मैथिली ठाकुर ने कहा कि पंडित सहदेव झा को अंग्रेजी शासन में जेल में यातनाएं सहनी पड़ीं। इसी स्वतंत्रता आंदोलन के मामले में जुब्बा साहनी को फांसी दी गई। शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं।

भारत रत्न देने की मांग

उन्होंने पंडित सहदेव झा को भारत रत्न देने तथा उनकी जीवनी को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि उनमें देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।

पाग-शाल से किया सम्मान

महान स्वतंत्रता सेनानी बिहार विभूति पंडित सहदेव झा स्मृति मंच, मुजफ्फरपुर की ओर से आयोजित समारोह में विधायक मैथिली ठाकुर को पाग और शाल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक झा ने की, जबकि संचालन कुंदन शांडिल्य ने किया। सहदेव झा के प्रपौत्र प्रो. ओम प्रकाश झा ने अतिथियों का स्वागत किया।

धन्यवाद ज्ञापन समाजसेवी तेज नारायण झा ने किया। विषय प्रवेश महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित सहदेव झा पर अध्ययन करने वाले कौशलेंद्र झा और अभिषेक झा मनोरंजन ने कराया।

समारोह में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पूर्व मंत्री एवं विधायक ई. अजीत कुमार, विधायक अजय कुशवाहा, अयोध्या धाम स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा, पूर्व विधान पार्षद राजकिशोर सिंह कुशवाहा, चाणक्य विद्यापति सोसाइटी के अध्यक्ष एवं बाबा गरीबनाथ धाम के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक,

छात्र हम के प्रदेश अध्यक्ष एवं छात्र नेता संकेत मिश्रा, अखंड भारत पुरोहित महासभा के अध्यक्ष हरिशंकर पाठक, रघुनंदन प्रसाद सिंह अमर, प्रो. विकास नारायण उपाध्याय, अधिवक्ता अरुण पांडेय, परशुराम सनातन संघ के धनंजय पांडेय, मिथिलेश तिवारी, महंत कामेश झा, सोनू पांडेय, चंदन पांडेय, कौशल दुबे, मुन्ना झा, मुरारी झा, चिदानंद द्विवेदी, मनमन त्रिवेदी और साकेत रमन पांडेय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *