ताजमहल में VIP एंट्री की पोल खोलने निकलीं ASI अधीक्षण पुरातत्वविद, लपके ने बना लिया शिकार

ताजमहल में पर्यटकों को वीआइपी बताकर एंट्री कराने का खेल जांचने निकलीं अधीक्षण पुरातत्वविद स्वयं लपके का शिकार हो गईं। लपका अधीक्षण पुरातत्वविद को पर्यटक समझ बैठा। उन्हें पश्चिमी गेट से ताजगंज की गलियों और मकानों में होते हुए पूर्वी गेट तक ले गया।

अधीक्षण पुरातत्वविद बाद में लपके को पकड़कर ऑफिस ले गईं और उससे पूछताछ की। पूछताछ में सामने आए तथ्यों की जांच की जाएगी।

लपके ने ताजमहल में अधीक्षण पुरातत्वविद की कराई वीआईपी एंट्री

अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिथा एस. कुमार रविवार शाम करीब पांच बजे एक अन्य अधिकारी के साथ ताजमहल के पश्चिमी गेट पहुंची थीं। गेट पर पर्यटकों की भीड़ थी। वह स्थिति पर नजर कर ही रही थीं कि एक लपका उनके पास पहुंच गया। भीड़ से बचाकर वीआईपी एंट्री कराने की बात उसने कही।

पश्चिमी गेट से गलियों में घुमाते हुए पूर्वी गेट ले गया

अधीक्षण पुरातत्वविद ने उससे आईकार्ड के बारे में भी पूछा। बाद में वह लपके के साथ जाने को राजी हो गईं। लपका उन्हें फतेहपुरी मस्जिद के पास एक दुकान पर ले गया और वहां से टिकट दिलाई। यहां से वह उन्हें गलियों और घरों के अंदर से लेते हुए ताज पूर्वी गेट पहुंच गया।

लपका को पकड़कर ऑफिस पहुंचीं

पूर्वी गेट पर भीड़ नहीं थी। लपके ने उन्हें यहां से एंट्री कराकर वीआईपी एंट्री की बात कही। अधीक्षण पुरातत्वविद लपके को पकड़कर ताजमहल के ऑफिस में ले गईं और उससे पूछताछ की। अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिथा एस कुमार ने बताया कि घटना हुई है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *