सारण जिले के मशरक नगर पंचायत क्षेत्र स्थित तख्त दलित टोला में रविवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे में अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गया। घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मशरक में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
भीषण गर्मी और बिजली संकट बना हादसे की वजह
ग्रामीणों के अनुसार दलित टोला का ट्रांसफार्मर कई दिनों से जला हुआ है, जिसके कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान होकर एक दर्जन से अधिक लोग अपने घरों के बाहर सड़क किनारे नाले के ऊपर बने हिस्से पर सो रहे थे।
इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सोए लोगों पर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़ पड़े।
चेयरमैन की पहल पर घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय उसी मार्ग से गुजर रहे नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महंतो ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को तत्काल सीएचसी मशरक पहुंचाने की व्यवस्था कराई। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया।
महिला, बच्ची समेत सात लोग घायल
हादसे में घायल लोगों की पहचान तख्त दलित टोला निवासी पांच वर्षीय माही कुमारी, 70 वर्षीय गुलपति देवी, 70 वर्षीय कादित देवी, 17 वर्षीय राजा ठाकुर, 20 वर्षीय काजल देवी, 25 वर्षीय पवन ठाकुर तथा 28 वर्षीय लव कुश ठाकुर के रूप में हुई है। सभी को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
ट्रैक्टर जब्त, चालक की तलाश जारी
घटना के संबंध में बताया गया कि ट्रैक्टर पानापुर थाना क्षेत्र के रसौली गांव स्थित एक टेंट हाउस का था। घुमावदार सड़क पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे सो रहे लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया।
सूचना मिलने पर मशरक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


