फतेहाबाद के भट्टू रोड पर खड़ी कार में लगी आग, बाल-बाल बचे दो युवक

1155 Shares

 शहर के भट्टू रोड स्थित अग्रवाल कालोनी मोड़ के पास शुक्रवार देर रात एक इटियास कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार पूरी तरह जलकर कबाड़ बन गई।

घटना के समय कार में दो युवक मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने से दोनों की जान बच गई। शनिवार सुबह राहगीरों ने जली हुई कार देखी तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कार मालिक का पता लगाकर मामले की जानकारी जुटाई। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पंजाब नंबर की कार का मालिक अग्रवाल कालोनी में किराये पर रहता है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह अपने एक साथी के साथ कार में बैठकर बातचीत कर रहा था।

इसी दौरान कार से अचानक धुआं निकलने लगा। दोनों युवक तुरंत कार से बाहर उतर गए और कारण जानने का प्रयास करने लगे। तभी कार का कंप्रेसर फट गया और आग तेजी से फैल गई।

दोनों युवकों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में लपटें पूरी कार में फैल गईं। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। रात के समय आसपास अधिक आवाजाही नहीं होने के कारण आग लंबे समय तक जलती रही।

सुबह लोगों की नजर जली हुई कार पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *