महिलाओं के प्रति अपराध में मथुरा के बाद राम नगरी अयोध्या भी चर्चा में आ गई है। अयोध्या के बीकापुर के चर्चित कथावाचक पवन देव के विरुद्ध बिहार के सीवान की विवाहिता ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
बिहार की महिला का आरोप कथावाचक ने राम मंदिर का दर्शन कराने के बहाने दुष्कर्म किया और दस लाख रुपये के गहने हड़पे। अयोध्या के रहने वाले कथावाचक पवन देव महाराज (42) पर बिहार की विवाहिता ने दुष्कर्म का आरोप लगाया।
कथावाचक पवन उसे राम मंदिर दर्शन कराने के बहाने अयोध्या लेकर आया। यहां दुष्कर्म किया। इसके बाद मंदिर में फर्जी शादी की। कुछ समय तक अपने साथ भी रखा, फिर भगा दिया। महिला ने इसकी शिकायत एसएसपी से की थी। एसएसपी के निर्देश पर युवती की तहरीर पर कथावाचक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है, जिसमें कथावाचक के पिता को भी आरोपित किया गया है।
महिला का आरोप है कि वह विवाहित थी। उसकी ससुराल पश्चिमी चंपारण में आरोपित कथावाचक पवनदेव कथा कहने गए थे। गत 18 जुलाई 2023 को पहली बार कथा में जान पहचान हुई थी। उसके बाद धीरे-धीरे बात होने लगी। आरोपित ने कथा की वीडियो भेजने के लिए महिला का मोबाइल नंबर मांगा। उसके बाद हमेशा काल पर बात करने के लिए प्रेरित करता रहा। कथावाचक ने उसको बहला फुसलाकर अयोध्या घुमाने के बहाने गत वर्ष दस अगस्त 2025 को अपने गांव मलेथू कनक बुलाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाया।
आरोपित ने महिला से कहा कि वह उससे विवाह कर लेगा, लेकिन शारीरिक संबंध बनाने की शिकायत न करे। इसके बाद उसने 17 अगस्त 2025 को नाका के एक मंदिर में फर्जी शादी भी की। उसके बाद कुछ दिनों तक किराये के कमरे में रखा और फिर अपने घर मलेथू कनक ले गया। वहां पर किसी से बात नहीं करने देता था और न ही किसी से मिलने देता था। पवनदेव ने महिला को 30 अक्टूबर 2025 को अपनी गाड़ी से मायके भेज दिया तथा उनका करीब 10 लाख रुपये कीमत का समस्त गहना, जो वह अपने मायके से लेकर गई थी हड़प लिया।
उसके बाद पवनदेव व उनके पिता रमाकांत चार नवंबर 2025 को उनके मायके गए और कहा कि उनका पीछा छोड़ दो, जिस पर उन्होंने विरोध जताया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि विपक्षी कई बार उनके ऊपर जानलेवा हमला भी करा चुका है।
वहीं कथा वाचक पवनदेव का कहना है कि धन उगाही के लिए उनके विरुद्ध यह षड़यंत्र किया जा रहा है। महिला धोखाधड़ी कर रही है। आरोप निराधार हैं। प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।


