MP Weather: बंगाल की खाड़ी में बना स्ट्रांग सिस्टम, सीधी-पन्ना समेत 23 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

1575 Shares

 मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून का जोर बरकरार है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों में उत्तर ओडिशा और झारखंड होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके साथ ही दक्षिण गुजरात से मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी ट्रफ लाइन भी मौसम को प्रभावित कर रही है। दोनों सिस्टम के असर से बुधवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भारी से अति भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

7 जिलों में अति भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बुधवार को सीधी, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, सिवनी, मंडला और पन्ना में अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इन सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम के तेवर देखते हुए इन इलाकों में तेज बारिश के साथ स्थानीय स्तर पर जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।

16 जिलों में येलो अलर्ट

पूर्वी और आसपास के इलाकों में बारिश का दायरा व्यापक रहने के आसार हैं। विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, दमोह, सागर और छतरपुर में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।वहीं राजधानी भोपाल समेत सीहोर और राजगढ़ सहित मध्य प्रदेश के मध्य क्षेत्र में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

सीधी में 60 मिमी से ज्यादा बरसा पानी

मंगलवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मानसून सक्रिय रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में सीधी में 60.2 मिलीमीटर यानी करीब ढाई इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सतना में 49.4, मंडला में 31.9, मलाजखंड में 28 और उमरिया में 18.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई।

राजधानी भोपाल में मंगलवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। इस दौरान शहर के कुछ हिस्सों में रुक-रुककर फुहारें भी पड़ीं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *