चित्रकूट: घर के बाहर सो रहे 70 साल के किसान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, गांव में पुलिस तैनात

बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के सेमरदहा गांव में शुक्रवार की तड़के एक किसान की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब 70 वर्षीय रामनरेश कोटार्य अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे।

अज्ञात हमलावर ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लतपथ शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 10 दिन के अंदर जिले में यह छठवीं हत्या है।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष राय और सीओ सिटी यामीन अहमद मौके पर पहुंचे।

फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी एकत्र कर रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

थानाध्यक्ष सत्यमपति त्रिपाठी का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी का दावा करते हुए कहा कि मामले के राजफाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *