भोजपुर जिले में गर्मी ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले पांच दिनों के दौरान तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 11 जून को आई आंधी और वर्षा के बाद जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।
वहीं, मंगलवार 16 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में इस तेजी से हुई वृद्धि के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
दोपहर में सूनी पड़ी सड़कें, छांव की तलाश में लोग
शहर की कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम दिखी। गर्म हवाओं के कारण लोग जल्द से जल्द अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश करते रहे।
ऑटो-रिक्शा चालकों ने भी पेड़ों के नीचे ली शरण
मंगलवार को दिन चढ़ने के साथ ही सूर्य की तपिश तेज हो गई। दोपहर के समय जरूरी काम से घर से निकले लोग सड़क किनारे पेड़ों की छाया में राहत तलाशते नजर आए।
भीषण गर्मी का असर सार्वजनिक परिवहन पर भी दिखा। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर ऑटो और रिक्शा आसानी से नहीं मिल रहे थे। कई चालक भी गर्मी से बचने के लिए पेड़ों की छांव में अपने वाहन खड़े कर आराम करते नजर आए। इससे यात्रियों को वाहन मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
शर्बत और ठंडे पेय की दुकानों पर उमड़ी भीड़
तापमान बढ़ने के साथ ही शर्बत, लस्सी, गन्ने का रस और अन्य ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। शहर के प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर स्थित दुकानों पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे। इस भीषण गर्मी में पशु-पक्षी तक परेशान नजर आए।
नहर और तालाब बने बच्चों के लिए राहत का ठिकाना
गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चे नहरों और तालाबों में जलक्रीड़ा करते नजर आए। दोपहर के समय कई ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चे पानी में घंटों मस्ती करते देखे गए। हालांकि, विशेषज्ञ ऐसे मौसम में जलाशयों में उतरते समय सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
गर्म पछुआ हवा ने बढ़ाई परेशानी
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म पछुआ हवा चली। इसके कारण वातावरण में नमी कम हुई और औसत आर्द्रता घटकर 44 प्रतिशत रह गई। तेज धूप और गर्म हवाओं के संयुक्त प्रभाव से लोगों को अधिक गर्मी का एहसास हुआ।
सप्ताहांत में मिल सकती है राहत
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 19 जून तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है।
21 जून से अधिकतम तापमान 39 डिग्री तथा 22 जून को 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सप्ताह के अंत में बादल छाने और हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
अगले 9 दिनों का संभावित तापमान
| तारीख | अधिकतम (डिग्री सेल्सियस में) | न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस में) |
|---|---|---|
| 17 जून | 41 | 31 |
| 18 जून | 41 | 31 |
| 19 जून | 41 | 31 |
| 20 जून | 41 | 30 |
| 21 जून | 39 | 29 |
| 22 जून | 37 | 29 |
| 23 जून | 38 | 29 |
| 24 जून | 38 | 29 |
| 25 जून | 37 | 29 |
गर्मी से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
- दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।
- हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
- धूप में निकलते समय सिर और चेहरे को ढककर रखें।


