‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान में सिंगरौली पुलिस की बड़ी सफलता: 89 लाख रुपये के 671 गुम मोबाइल बरामद, 70 मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे

4.4kViews
1375 Shares

सिंगरौली। दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित ‘संचार साथी पोर्टल (CEIR)’ के माध्यम से सिंगरौली पुलिस लगातार गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर रही है। ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक सिंगरौली पुलिस द्वारा कुल 671 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 89 लाख रुपये है, बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. (आईपीएस) द्वारा रुस्तमजी सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लगभग 14 लाख रुपये कीमत के 70 गुम मोबाइल फोन उनके आवेदकों को सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने सिंगरौली पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की इस पहल की सराहना की।

पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत तथा पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा जिले के समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक पवन सिंह एवं थाना-चौकी पुलिस टीमों ने विगत तीन माह में गुम मोबाइलों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कुल 445 गुम मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग 89 लाख रुपये है, सफलतापूर्वक रिकवर किए गए। इनमें से 375 मोबाइल फोन संबंधित थाना एवं चौकियों के माध्यम से पहले ही उनके मालिकों को वितरित किए जा चुके हैं।

सिंगरौली पुलिस ने बताया कि CEIR पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों से भी गुम मोबाइल फोन तकनीकी सहायता के जरिए बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों में वनप्लस, सैमसंग, रेडमी, वीवो, ओप्पो, रियलमी, नार्जो, टेक्नो, मोटोरोला, पोको, हॉनर, नथिंग, इनफिनिक्स और आइटेल जैसी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं।

CEIR पोर्टल क्या है और कैसे करें शिकायत

दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल के माध्यम से कोई भी नागरिक घर बैठे अपने गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज करा सकता है।

शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया इस प्रकार है—

  • गूगल ब्राउज़र में ceir.gov.in सर्च करें।
  • Block Stolen/Lost Mobile विकल्प का चयन करें।
  • आवश्यक जानकारी भरें।
  • मोबाइल का बिल, थाना शिकायत की प्रति एवं पहचान पत्र अपलोड करें।
  • गुम मोबाइल में उपयोग की जा रही सिम बंद कर नई सिम लेकर उसका नंबर दर्ज करें।
  • ओटीपी सत्यापित कर शिकायत सबमिट करें।
  • शिकायत संख्या सुरक्षित रखें।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

इस सफल अभियान में आरक्षक 537 प्रफुल बनखेड़े, आरक्षक 639 वीरन सिंह, आरक्षक 08 प्रशांत केशरी, आरक्षक 261 राहुल कुशरो, आरक्षक 446 नंद किशोर रुहैला, आरक्षक 623 अरुण वास्कले, आरक्षक 631 संदीप वर्मा, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी, आरक्षक अशोक कुशवाहा (थाना विंध्यनगर), आरक्षक सुरेश परस्ते (थाना मोरवा), आरक्षक 742 विनोद शाक्य (चौकी खुटार, थाना बैढ़न), आरक्षक योगेश विश्वकर्मा (थाना सरई), आरक्षक वेदप्रकाश शुक्ला (थाना नवानगर), आरक्षक खुम सिंह (थाना जियावन), आरक्षक सुन्दर कास्दे (थाना माड़ा), आरक्षक प्रभात दुबे (चौकी निवास), आरक्षक महेश जाधव, आरक्षक अरुणेन्द्र मिश्रा, आरक्षक शिवेन्द्र सिंह (चौकी बंधौरा, थाना माड़ा), आरक्षक अजय कुशवाहा (थाना बैढ़न) तथा आरक्षक आशीष पाल (थाना लंघाडोल) की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

सिंगरौली पुलिस की अपील

सिंगरौली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो वे CEIR पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया सरल होगी, समय की बचत होगी तथा पुलिस तकनीकी सहायता से शीघ्र कार्रवाई कर मोबाइल बरामद करने का प्रयास कर सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *