सिंगरौली। मध्य प्रदेश शासन द्वारा पुलिस विभाग में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए संचालित भर्ती प्रक्रिया के तहत सिंगरौली जिले को बड़ी सौगात मिली है। वर्ष 2025 की आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित 198 नव आरक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में बुधवार 3 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) ने 28 नव नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी नव आरक्षकों को पुलिस विभाग में शामिल होने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण, जनसेवा और कानून व्यवस्था बनाए रखने का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने नव आरक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ करेंगे।

भर्ती प्रक्रिया के तहत जारी किए जा चुके हैं 50 नियुक्ति पत्र
जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में आयोजित आरक्षक भर्ती परीक्षा के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन कराया जा रहा है। सिंगरौली जिले में अब तक कुल 50 नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 28 नव आरक्षकों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर नियुक्ति पत्र प्राप्त किए।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी हो रही हैं, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। शेष चयनित अभ्यर्थियों के सत्यापन प्रतिवेदन प्राप्त होते ही उन्हें भी नियुक्ति देकर कार्यभार ग्रहण कराया जाएगा।

पुलिस विभाग को मिलेगी नई ऊर्जा
सिंगरौली जिले को प्राप्त हुए 198 नव आरक्षकों की नियुक्ति से पुलिस बल को मजबूती मिलेगी। इससे कानून व्यवस्था के बेहतर संचालन, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों में अतिरिक्त सहयोग प्राप्त होगा। पुलिस विभाग का मानना है कि नए जवानों के शामिल होने से पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी तथा जनोन्मुखी बनेगी।

एसपी ने दिए सेवा और समर्पण के मंत्र
नियुक्ति पत्र वितरण में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने नव आरक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी समाज में कानून के रक्षक और जनता की उम्मीदों के प्रतिनिधि होते हैं। इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी का आचरण, व्यवहार और कार्यशैली विभाग की छवि को निर्धारित करती है। उन्होंने सभी नव आरक्षकों से कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने, आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा विभागीय अनुशासन का पालन करने का आह्वान किया।
अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, रक्षित निरीक्षक श्री केशव सिंह चौहान, सउनि (एम) श्रीनाथ पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


