कुरुक्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सड़क हादसा, ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पिछले हिस्से में घुसा कैंटर; हेल्पर की मौत

अंबाला-शाहाबाद नेशनल हाईवे पर नौ गजा पीर के पास दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अंबाला से शाहाबाद की ओर आ रहा कैंटर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया।

इस हादसे में गाड़ी के हेल्पर 21 वर्षीय युवक जिला करनाल के गांव कलवेहड़ी निवासी प्रिंस की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता रामस्वरूप के बयानों के आधार पर फरार ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तड़के दूध सप्लाई करने गए थे पिता-पुत्र

पुलिस को दी शिकायत में गांव कलवेहड़ी, कुंजपुरा निवासी रामस्वरूप ने बताया कि वह पेशे से ड्राइवर हैं। वह रोज की तरह अलसुबह करीब 1:00 बजे करनाल से दूध की सप्लाई लेकर पंचकूला गए थे। इस काम में हाथ बंटाने के लिए उनका 21 वर्षीय बेटा प्रिंस भी उनके साथ बतौर हेल्पर गाड़ी में मौजूद था।

वह पंचकूला में दूध की सप्लाई देने के बाद अपने कैंटर से वापस करनाल की तरफ लौट रहे थे। सुबह करीब 9:20 बजे जब उनकी गाड़ी शाहाबाद में नौ गजा पीर के पास पहुंची, तो उनके आगे चल रहे ट्रक के चालक ने बिना कोई इंडिकेटर के अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिए। इससे उनकी गाड़ी आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

केबिन में फंसा बेटा, अस्पताल में तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन में बैठा प्रिंस बुरी तरह अंदर ही फंस गया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। राहगीरों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद प्रिंस को केबिन से बाहर निकाला।

गंभीर रूप से घायल प्रिंस को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे कल्पना चावला मेडिकल कालेज व अस्पताल करनाल के लिए रेफर कर दिया।

कल्पना चावला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार और भीड़ का फायदा उठाकर आरोपित ट्रक चालक फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *