जनता दर्शन में CM Yogi का अधिकारियों को निर्देश, समयबद्ध हो समस्याओं का समाधान; किसी की पढ़ाई में न आए कोई बाधा

1458 Shares

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन का संदेश साफ दिखाई दिया। जनता दर्शन में सोमवार को एक ओर उन्होंने अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का तय समय सीमा में निस्तारण करने और अनावश्यक देरी पर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए, वहीं दूसरी ओर आर्थिक तंगी से जूझ रही हापुड़ की एक छात्रा को पढ़ाई जारी रखने का भरोसा दिलाकर मानवीय संवेदना का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशहाली लाना ही शासन-प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से होना चाहिए और अनावश्यक विलंब पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाए। छह माह से अधिक समय से लंबित राजस्व वादों की समीक्षा की जाए। यदि किसी मामले में उचित कारण के बिना देरी पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों और उनके अभिभावकों से भी संवाद किया। उन्होंने शिक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। हापुड़ से आई छात्रा ने अपने परिवार की आर्थिक कठिनाइयों और पढ़ाई में आ रही परेशानियों का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने छात्रा से उसकी कक्षा के बारे में पूछा। छात्रा ने बताया कि वह कक्षा सात में पढ़ती है। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा कि बेटा! तुम सिर्फ पढ़ाई करो, बाकी हम पर छोड़ दो। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में किसी भी प्रकार की बाधा न आने देने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए तथा जरूरतमंदों के उपचार और सहायता की व्यवस्था संवेदनशीलता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन का दायित्व केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *