झज्जर में रंजिश में बेटे के बाद पिता की भी हत्या, पूर्व बिजली कर्मी को दिनदिहाड़े गोलियों से भूना

8.5kViews
1637 Shares

ऐतिहासिक गांव दुजाना में रविवार को दिन-दिहाड़े पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद के चलते एक बुजुर्ग की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दुजाना निवासी विजय सैनी (65) पुत्र रत्न सिंह के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग से सेवानिवृत्त थे।

प्राथमिक तौर पर इस हत्या का सीधा संदेह गांव बिरधाना निवासी संदिग्ध फरार आरोपित संजय पर जताया जा रहा है, जिस पर साल 2021 में बेटे अनिल कुमार की भी हत्या का आरोप है।

हैरान करने वाली बात यह है कि इसी तीन मार्च 2026 को होली के दिन संजय ने अपनी पत्नी अंजलि की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी और वह तभी से फरार चल रहा है। दो हत्याओं के बाद अब उसने इस बुजुर्ग को निशाना बनाया है। जबकि, पांच साल के भीतर परिवार के लिए यह दूसरा बड़ा आघात है।

बताया जाता है कि बुजुर्ग विजय सैनी रविवार को बड़े बेटे सुनील के साथ खेत में पानी देने गए हुए थे। दोपहर के समय वे खेत से साइकिल पर सवार होकर अकेले घर से चाय लेने के लिए निकले थे। वारदात स्थल से करीब 200 से 300 मीटर की दूरी पर विजय के बेटे सुनील के साथ सरकारी गनमैन मौजूद था। इसी बीच घात लगाए बैठे बदमाशों ने विजय सैनी पर दनादन गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

इनके छाती, पेट और शरीर के निचले हिस्से में 5 से 6 गोलियां लगी हैं। गोलियों की आवाज सुनते ही सुरक्षाकर्मी और उनका बेटा तुरंत मौके की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। हमलावर एक बाइक पर थे या दो में, इसे लेकर संशय बना हुआ है। गंभीर अवस्था में उन्हें पीजीआई रोहतक ले जाया गया, लेकिन बीच रास्ते में ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम शुभम सिंह की अगुवाई में एसीपी क्राइम शमशेर सिंह, थाना दुजाना की टीम और एफएसएल सहित पुलिस की विभिन्न टीमें मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदेही की तलाश में छापेमारी जारी है। एसीपी शमशेर सिंह का कहना है कि परिवार की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *