डीएलएफ फेस दो थाना क्षेत्र के क्यू ब्लाक स्थित घर में रहने वाली 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव घर के बाथरूम में मिला है। शव डिकंपोज हो चुका था, पोस्टमार्टम में सिर में चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस कई एंगल पर मामले की जांच कर रही है।
चार मंजिला घर में दूसरी मंजिल पर अकेले रहती थी महिला
मृत महिला की पहचान रीटा बख्शी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार रीटा अपनी बेटी रजनी के साथ घर में रहती थीं। घर चार मंजिल का है। पहली मंजिल पर रजनी का परिवार और दूसरी मंजिल पर रीटा अकेले रहती थीं। रजनी ने 28 मई को डीएलएफ फेस दो थाना पुलिस को मां की गुमशुदगी की शिकायत दी थी।
पड़ोसियों से पूछताछ से खुलेगा मामला
कहा था कि मां कहीं चली गई हैं। वह घर में कहीं नहीं हैं। यह भी पता चला है कि रिपोर्ट के बाद पुलिस भी दो बार उनके घर गई, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चला। शनिवार शाम घर में बदबू फैलने पर जांच की गई तो शव बाथरूम में डिकंपोज स्थिति में पाया गया। इसके बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी।
थाना पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया। पुलिस को आशंका है कि महिला पैर फिसलने से बाथरूम में गिर पड़ी और उनके सिर पर चोट आने से उनकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने कहा कि कई एंगल पर मामले की जांच की जा रही है। घर के लोगों व पड़ोसियों से भी पूछताछ की जाएगी।


