नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए तभी दफन होगा, जिस दिन हम और कश्मीर दफन होगा। हम इसे वापस पाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
आज यहां हजरतबल दरगाह में नमाज ए जुम्मा के बाद पत्रकारों ने पूर्व मुख्यमंत्री का ध्यान अनुच्छेद 370 और 35ए के मुद्दे की तरफ दिलाते हुए पूछा कि इसकी बहाली के लिए क्या हो रहा है, भाजपा कहती है कि यह दफन हो चुका है। डॉ. फारुक अब्दुल्ला ने जवाब दिया कि जिस दिन हमें दफ़नाया जाएगा, कश्मीर को भी दफ़ना दिया जाएगा। आर्टिकल 370 को भी दफ़ना दिया जाएगा।”
हममें से कोई एक दिल्ली बैठक में जाएगा
डॉ. फारूक अब्दुल्ला का यह बयान पार्टी की उस घोषणा के कुछ दिनों बाद आया है जिसमें कहा गया था कि वह संसद के आगामी मॉनसून सत्र के पहले दिन नई दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन का मकसद जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा और संवैधानिक गारंटी बहाल करने की मांग करना है।
8 जून को होने वाली विपक्षी ‘आईएनडीआईए’ (INDIA) गठबंधन की प्रस्तावित बैठक के बारे में फारूक अब्दुल्ला ने अपनी पार्टी की भागीदारी की पुष्टि की। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष ने कहा, “उमर और मैं—हममें से कोई एक जाएगा। जाहिर है, हम उसका हिस्सा हैं। हम वहां मौजूद रहेंगे।”


