रतलाम दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कार हादसे में किशोरी की मौत, परिवार घायल

रतलाम में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रावटी थाना क्षेत्र के धामनोद टोल नाके के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में कार में सवार 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और दो छोटे भाई घायल हो गए। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब परिवार बिहार से गुजरात के सूरत लौट रहा था।

पुलिस के मुताबिक कार में बिहार के गोपालगंज निवासी विक्की कुमार, उनकी पत्नी रानी देवी, 14 वर्षीय बेटी दीपा कुमारी और दो बेटे प्रीतम व पीयूष सवार थे। परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में गुजरात के तापी जिले में निवास करता है, जहां विक्की कुमार कपड़ा कारोबार से जुड़े हैं।

सगाई कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार विक्की कुमार अपने छोटे भाई की सगाई में शामिल होने 21 मई को बिहार गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद परिवार शुक्रवार शाम सूरत के लिए रवाना हुआ। लंबी यात्रा के दौरान लगातार ड्राइविंग करने के बाद शनिवार रात धामनोद टोल के आगे सड़क किनारे वाहन रोककर परिवार ने कुछ घंटे आराम किया। रविवार तड़के फिर यात्रा शुरू की गई।

ट्रक की टक्कर से बिगड़ा संतुलन

विक्की कुमार ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे दोबारा सफर शुरू करने के बाद कार 80 से 90 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही थी। इसी दौरान एक ट्रक ओवरटेक करते हुए निकला और उसका पिछला हिस्सा कार से टकरा गया। टक्कर के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

बेटी के सिर में लगी गंभीर चोट

हादसे के बाद अंधेरे और अफरातफरी के बीच विक्की कुमार ने किसी तरह कार का गेट तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया। उन्होंने सबसे पहले अपनी बेटी दीपा को बाहर निकाला, जिसके सिर में गंभीर चोट लगी थी और वह अचेत अवस्था में थी। इसके बाद पत्नी और दोनों बेटों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपा को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

बुलानी पड़ी क्रेन

रावटी थाना पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को खाई से बाहर निकलवाया। बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक की टक्कर और वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *