भीषण गर्मी के बीच लोगों की बढ़ी मुश्किलें, 30% तक बढ़े एसी और कूलरों के दाम

 जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी से राहत पाने के लिए लोग एसी, कूलर और पंखों की खरीदारी कर रहे हैं। बढ़ती उमस व गर्मी का सीधा असर इलेक्ट्रानिक्स बाजार पर देखने को मिल रहा है। पिछले एक सप्ताह के दौरान इन उपकरणों की बिक्री में 20 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इलेक्ट्रानिक्स दुकानदारों के अनुसार इस बार पिछले साल की तुलना में कीमतों में भी इजाफा हुआ है। इसकी एक वजह 30 प्रतिशत कापर के दामों में वृद्धि होना भी है। कूलर के दाम 400 से 700 रुपये तक बढ़ गए हैं जबकि एसी एक हजार से दो हजार रुपये तक महंगे हो गए हैं। वहीं पंखों की कीमतों में भी 200 से 400 रुपये तक की वृद्धि देखने को मिल रही है।

बाजार में विभिन्न कंपनियों के सीलिंग फैन 1300 रुपये से पांच हजार रुपये तक उपलब्ध हैं। वहीं, लोकल कंपनियों के पंखे एक हजार से 2500 रुपये के बीच बिक रहे हैं। एसी की कीमतें 25 हजार रुपये से शुरू होकर 65 हजार रुपये तक पहुंच रही हैं।

दादरी नगर के बाजारों में कूलर 4000 से 20000 तक, एसी 1.5 टन 27000 से 55000, एसी एक टन 28000 से 33500, फ्रीज 11000 से 40000, पंखे 1200 से 4000 तक बिक रहे है।

आधुनिक तकनीक व कम बिजली खपत वाले उपकरणों की मांग ज्यादा

पुराना बस स्टैंड स्थित संजय इलेक्ट्रोनिक्स के संचालक संजय कुमार का कहना है कि इस बार बाजार में नई तकनीक से लैस एसी, कूलर और पंखे आए हैं जिन्हें ग्राहक काफी पसंद कर रहे हैं। बाजार में ब्रांडेड कंपनियों के कूलरों की शुरुआती कीमत लगभग छह हजार रुपये से शुरू हो रही है जबकि लोकल कंपनियों के कूलर तीन से 6 हजार रुपये तक उपलब्ध हैं।

वहीं, प्रीमियम श्रेणी के कूलरों की कीमत 20 हजार रुपये तक पहुंच रही है। इस साल कूलरों के दामों में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसके साथ ही चार्जिंग वाले टेबल फैन की मांग भी बढ़ी है। ये फैन 500 रुपये से लेकर तीन हजार रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं।

दूसरी ओर वाई-फाई, स्मार्ट और इंवर्टर एसी लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। फाइव स्टार रेटिंग वाले 1.5 टन एसी की कीमत 35 हजार रुपये से लेकर 60 हजार रुपये तक है। ऊर्जा बचाने वाले और कम बिजली खपत वाले उपकरणों की मांग सबसे अधिक देखी जा रही है।

दुकानदार बोले: तापमान चढ़ते ही बढ़ी मांग

इलेक्ट्रानिक्स दुकानदार सुमित, दिनेश, अमन, राजीव, कैलाश इत्यादि का कहना है कि बढ़ती गर्मी के चलते पंखों और कूलरों की मांग में तेजी आई है। स्टार रेटिंग लागू होने से भी दाम प्रभावित हुए हैं। मेन बाजार के दुकानदार रविंद्र कुमार के अनुसार अब ग्राहकों का रुझान लोकल उत्पादों की बजाय ब्रांडेड सीलिंग और स्टैंड फैन की ओर ज्यादा हो गया है। लोकल स्टैंड फैन जहां एक हजार रुपये से तीन हजार रुपये तक मिल रहे हैं, वहीं ब्रांडेड विकल्प दो हजार रुपये से पांच हजार रुपये के बीच उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *