कौन हैं भारतीय मूल के डिज्नी मैनेजर जुगल दातेराव? जिन्हें रूस में ड्रग्स मामले में हुई ढाई साल की जेल

द वॉल्ट डिज्नी कंपनी में कार्यरत भारतीय मूल के मैनेजर को मॉस्को के कोर्ट ने नशीले पदार्थों को रखने और उनकी तस्करी करने के आरोप में ढाई साल की जेल की सजा सुनाई है। मॉस्को हवाई अड्डे पर रूटीन सामान चेकिंग के दौरान उनके सामान से भांग वाली गमी कैंडीज मिली थीं।

रूसी सरकारी मीडिया समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, 46 वर्षीय जुगल दातेराव को जनवरी 2026 में मॉस्को के शेरेमेतिएवो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। वह एक ऐसी फ्लाइट से वहां पहुंचे थे जो कतर से होकर गुजरी थी।

कोर्ट ने सुनाई जेल की सजा

रूस के मॉस्को क्षेत्र की एक अदालत ने जुगल दातेराव को ड्रग्स रखने और तस्करी का दोषी करार देते हुए मध्यम-सुरक्षा वाली पीनल जेल में दो साल और छह महीने की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कोर्ट ने उन पर 30,000 रूबल का जुर्माना भी लगाया है।

अदालती कार्यवाही के दौरान जुगल दातेराव ने अपना बचाव करते हुए दलील दी थी कि ये गमी कैंडीज अमेरिका में उन्हें कानूनी रूप से डॉक्टर के पर्चे पर दी गई थीं। उन्होंने बताया कि ब्रेन सर्जरी के बाद होने वाले दर्द को नियंत्रित करने के लिए इसका सेवन कर रहे थे। हालांकि, रूसी अदालत ने इस दलील को पूरी तरह खारिज कर दिया और देश के सख्त ड्रग कानूनों के तहत उन्हें दोषी पाया।

नागरिकता को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं

मॉस्को टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, रूसी मीडिया ने दातेराव की पहचान भारतीय नागरिक के रूप में की है। हालांकि, अभी तक यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनके पास अमेरिका की नागरिकता भी है या नहीं।

इसके अलावा रूसी मीडिया रिपोर्ट्स में उनके रूस आने के उद्देश्य या कारण का भी कोई जिक्र नहीं किया गया है।

कौन हैं जुगल दातेराव?

जुगल दातेराव ने पेशेवर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर खुद को न्यूयॉर्क स्थित एक टेक्नोलॉजी एक्जीक्यूटिव और प्रोग्राम डायरेक्टर के रूप में पेश किया है।

उनके प्रोफाइल के मुताबिक, वह साल 2019 से द वॉल्ट डिज्नी कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं और वहां मनोरंजन व तकनीक से संबंधित कार्यक्रमों की देखरेख कर रहे हैं। उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल से यह भी संकेत मिलता है कि वह वर्तमान में अमेरिकी राज्य न्यू जर्सी के निवासी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *