दक्षिण और उत्तर-पूर्व बिहार के यात्रियों को राहत देते हुए रेलवे ने 03407/03408 भागलपुर-कटिहार-भागलपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के परिचालन को 4 जून 2026 तक जारी रखने का निर्णय लिया है।
यह ट्रेन अपने पूर्व निर्धारित मार्ग, समय और ठहराव के साथ संचालित होगी। इसको लेकर मालदा मंडल ने अधिसूचना जारी किया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार विक्रमशिला सेतु में आई क्षति के कारण भागलपुर और सीमांचल क्षेत्र के बीच सड़क संपर्क गंभीर रूप से प्रभावित हो गया था। इसके चलते दोनों क्षेत्रों के बीच सीधा आवागमन लगभग ठप हो गया था।
यात्रियों को मिलेगा फायदा
ऐसी स्थिति में दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए रेलवे ने पहले भागलपुर और कटिहार के बीच इस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का परिचालन 1 जून 2026 तक करने का निर्णय लिया था।
यात्रियों की लगातार मांग और इस रेल सेवा की उपयोगिता को देखते हुए अब इसकी अवधि बढ़ाकर 4 जून तक कर दी गई है।
रेलवे के इस फैसले से भागलपुर, नवगछिया, कटिहार और सीमांचल क्षेत्र के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी तथा आवागमन की सुविधा बनी रहेगी।


