सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल के निर्देशानुसार एवं जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम द्वारा 30 मई से 31 मई 2026 की सुबह तक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना वैध अभिवहन पास के रेत एवं गिट्टी का परिवहन करते हुए कुल 8 वाहनों को जप्त किया गया है। सभी मामलों में खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया एवं खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण एवं जांच की गई। जांच के दौरान अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें संबंधित पुलिस थानों एवं चौकियों में खड़ा कराया गया।

30 मई को 4 वाहनों पर हुई कार्रवाई
जांच के दौरान रेत एवं बोल्डर का बिना वैध अभिवहन पास के परिवहन करते पाए जाने पर चार वाहनों को जप्त किया गया।
- ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP66A4891 को अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर माड़ा थाना में सूचनार्थ खड़ा कराया गया।
- ग्राम जैतपुर क्षेत्र से बिना नंबर की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को बिना वैध दस्तावेजों के बोल्डर परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर जयंत चौकी में खड़ा कराया गया।
- ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP66A1557 को अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर पुलिस चौकी जयंत में सूचनार्थ खड़ा कराया गया।
- बिना नंबर के एक डंपर को अवैध रूप से रेत परिवहन करते पकड़ा गया, जिसे जप्त कर थाना नवानगर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।

30 एवं 31 मई की संयुक्त कार्रवाई में 4 और वाहन जप्त
खनिज विभाग द्वारा जारी जांच अभियान के दौरान गिट्टी एवं रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त चार अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
- बिना नंबर की 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जप्त कर थाना बरगवां में सूचनार्थ खड़ा कराया गया।
- ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP66A1684 को अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर जयंत चौकी में खड़ा कराया गया।
- एक अन्य बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जप्त कर पुलिस चौकी जयंत में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।

अवैध खनिज परिवहन पर विभाग की सख्ती
जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन, उत्खनन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ खनिज अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस लगातार कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। वहीं प्रशासन ने वाहन संचालकों एवं खनिज कारोबारियों से वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिज परिवहन करने की अपील की है।


