खबर का असर: NCL में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निगाही और दुधिचूआ के महाप्रबंधक बदले

1032 Shares

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में खनन संवर्ग के वरिष्ठ अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। 24 अगस्त 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार निगाही और दुधिचूआ परियोजना समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं। इस फेरबदल को हाल के दिनों में परियोजनाओं से जुड़े उठ रहे सवालों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

NCL के कार्यकारी स्थापना विभाग द्वारा जारी आदेश में खनन संवर्ग के कुल छह वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश के मुताबिक निगाही परियोजना में AGM के पद पर कार्यरत राजेंद्र वर्मा को GM (CMC) बनाया गया है। वहीं GM (CMC) के पद पर कार्यरत रतनजय कुमार सिंह को AGM, निगाही की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह दुधिचूआ में AGM के पद पर कार्यरत विनोद कुमार सिंह को GM (QC) के पद पर स्थानांतरित किया गया है, जबकि कृष्णशिला में AGM सुमन सौरभ को AGM, दुधिचूआ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा GM (Safety) आर.एस. भदौरिया को AGM, कृष्णशिला तथा GM (QC) डॉ. सी.पी. सिंह को GM (Safety) के पद पर स्थानांतरित किया गया है।

निगाही और दुधिचूआ सहित कृष्णशिला में बदली कमान

NCL की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल निगाही और दुधिचूआ में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में हुए बदलाव को खासा अहम माना जा रहा है। हाल के दिनों में इन परियोजनाओं में संचालन, सुरक्षा, मानसून तैयारियों और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर विभिन्न सवाल सामने आते रहे हैं। ऐसे में वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले के बाद अब दोनों परियोजनाओं में नई जिम्मेदारियों के साथ कामकाज की दिशा में बदलाव देखने को मिल सकता है।

तत्काल प्रभाव से लागू होगा आदेश

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरित अधिकारी सभी रिलीविंग एवं संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आगे की नियुक्ति के लिए NCL के निदेशक (Technical/Operations/P&P) को रिपोर्ट करेंगे। साथ ही नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के 15 दिनों के भीतर नया SPARROW फॉर्म जमा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *