भारतीय मूल की कैलिफोर्निया निवासी मेकअप आर्टिस्ट नीना बख्शी का इस साल का जन्मदिन का सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। मेक्सिको के सेनोते ला नोरिया में एक गाइडेड एटीवी (ऑल-टेरेन व्हीकल) टूर के दौरान वह एक पुल से नीचे गिर गईं, जिससे उन्हें कई गंभीर फ्रैक्चर हुए।
इस महीने की शुरुआत में शुरू किए गए एक फंडरेजर में नीना ने बताया कि हादसे के बाद पार्क प्रबंधन ने पर्याप्त मदद नहीं की। उनका आरोप है कि गिरने के बाद उन्हें वहां से निकालने की कोई व्यवस्था नहीं थी और करीब 30 मिनट तक लोगों को उन्हें उठाकर ले जाना पड़ा। इसके बाद एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन वह नहीं पहुंची।
आखिरकार उन्हें एक ट्रक के जरिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने में लगभग एक घंटा लग गया। नीना के पास ट्रैवल इंश्योरेंस नहीं था और पार्क की स्थानीय बीमा पॉलिसी भी उनकी जरूरी आपात सर्जरी का खर्च नहीं उठा रही थी।
दोस्तों और परिवार ने की मदद
नीना ने बताया कि उनकी जान बचाने के लिए दोस्तों और परिवार ने तुरंत आर्थिक मदद जुटाई। लोगों ने अपने क्रेडिट कार्ड की सीमा तक खर्च किया, पैसे उधार दिए और अस्पताल व सर्जरी का खर्च उठाने में सहायता की।
उन्होंने कहा कि हादसे के करीब 28 घंटे बाद उनकी रीढ़ की हड्डी की आपात सर्जरी हुई। उनके अनुसार यह उनके जीवन का सबसे दर्दनाक और डरावना अनुभव था। हालांकि डॉक्टर उनकी कमर के निचले हिस्से को बचाने में सफल रहे और अब वह अपने पैरों को हिला सकती हैं।
फंडरेजर में नीना ने लिखा कि उचित इलाज, फिजियोथेरेपी और देखभाल के बाद उन्हें उम्मीद है कि वह फिर से सामान्य रूप से चल सकेंगी। हालांकि उनकी गर्दन में अब भी ऐसे फ्रैक्चर हैं जिनका इलाज बाकी है और उन्हें लंबे समय तक उपचार की जरूरत होगी।
‘हर पल महसूस हो रही थी गिरने की पीड़ा’
ब्रिटिश मीडिया को दिए एक साक्षात्कार में नीना ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब वह पुल से दिखाई देने वाले सुंदर दृश्य का वीडियो रिकॉर्ड करने वाली थीं। उन्होंने कहा, “ऐसा लगा जैसे किसी सपने में गिर रहे हों। मैं गिर रही थी और मुझे उस गिरावट का हर एक पल महसूस हो रहा था। यह मेरे जीवन की सबसे लंबी और सबसे छोटी गिरावट थी।”
नीना ने बताया कि वह सीधे अपनी कमर के बल जमीन पर गिरीं। साक्षात्कार के समय भी उनकी गर्दन की एक कशेरुका (वर्टिब्रा) दोनों तरफ से टूटी हुई थी। फिलहाल वह सामान्य रूप से चलने और काम पर लौटने में सक्षम नहीं हैं तथा उनका इलाज और रिकवरी जारी है।


