रांची छात्र आंदोलन पर बड़ी खबर: 14वीं JPSC परीक्षा होगी रद, ED करेगी TDPL के वित्तीय लेनदेन की जांच
JPSC-JSSC में गड़बड़ी को लेकर छात्रों के आंदोलन के बीच तीसरे दौर की बातचीत शुरू हो गई है। इसके लिए छात्रों का डेलीगेशन रांची के स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचा है। जहां चार मंत्रियों के दल के साथ उनकी बातचीत हो रही है। स्टेट गेस्ट हाउस के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात है।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार JPSC परीक्षा कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल के आर्थिक लेन देन की जांच ED से कराने के लिए तैयार हो गई है, क्योंकि TDPL के आर्थिक अपराधों के प्रमाण मिले हैं।
इसके अलावा सरकार ने वादा किया है कि सीआइडी को जितने मामले दिए गए हैं, सभी की जांच 90 दिनों के अंदर पूरी कर दी जाएगी। दो और गुटों से बात होनी है। इसके बाद कोई निर्णय होगा।
सरकार की ओर से अन्य प्रस्ताव
1. टीडीपीएल की ओर से ली गई तमाम परीक्षाओं की जांच होगी।
2. जेपीएससी 14 और बैकलॉग 25 की परीक्षा रद होगी।
3. परीक्षा आयोजन में सुधार को लेकर छात्रों की राय पर IIT ISM, XLRI आदि संस्थाओं से भी परामर्श लिया जाएगा।
JPSC-JSSC न्याय मंच प्रतिनिधिमंडल
1. चंदन कुमार छात्र नेता सह शोधार्थी
2 . दीनबंधु मंडल
3. इकबाल हुसैन
4. रवि शंकर
5. प्रेम कुमार
6. रामा अवतार महतो
छात्र आंदोलन का 16वां दिन
छात्रों का आंदोलन का आज 16वां दिन है। कई छात्र भूख हड़ताल पर हैं। उनकी मांग है कि JPSC-JSSC की परीक्षा रद की जाए और जिन भी परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई है, उनकी CBI जांच कराई जाए।
इसको लेकर सरकार की छात्रों के साथ 2 दौर की बातचीत हो चुकी है। इसके अलावा अलग-अलग छात्र संगठनों ने भी सरकार को अपनी मांगें सौंपी हैं। सबके साथ बातचीत के बाद भी अब तक कोई नतीजा नहीं निकला है। इसीलिए आज तीसरे दौर की बातचीत की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार छात्रों की बात मान लेगी।
वहीं, छात्रों ने साफ तौर पर कहा है कि अगर आज उनकी बात नहीं मानी जाती है, तो वह 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव करेंगे। उनके इस प्रदर्शन का तमाम छात्रों और विपक्षी पार्टियों का समर्थन हासिल है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

