कौशांबी में पति को खाना देने निकली महिला का बेरहमी से कत्ल, नाक-मुंह से निकल रहा था खून; गले पर खरोंच के निशान

5.7kViews
1851 Shares

सरायअकिल क्षेत्र के इमली गांव में शुक्रवार रात एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। पति के लिए वह खाना लेकर गोशाला जा रही महिला का शव गांव के बाहर बागीचे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतका के पास मौजूद मोबाइल फोन और टिफिन बाक्स गायब था। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

काफी देर तक नहीं पहुंची तो स्वजन परेशान

इमलीगांव निवासी दशरथलाल पासी खेती-किसानी के साथ पशुपालन का कार्य करते हैं। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बनी गोशाला में रहकर वह मवेशियों की देखभाल करते हैं। शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे उनकी 45 वर्षीय पत्नी मनीता रोज की तरह टिफिन में खाना लेकर गोशाला के लिए निकली थीं। काफी देर तक मनीता के न पहुंचने पर दशरथलाल ने बेटे केशकुमार से जानकारी ली। स्वजन पड़ोसियों के साथ मनीता की तलाश में निकल पड़े।

बाग में बांस की कोठ के पास मनीता का मिला शव

खोजबीन के दौरान घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर एक बाग में बांस की कोठ के पास मनीता का शव पड़ा मिला। शव देखते ही स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। महिला के मुंह और नाक से खून निकल रहा था, जबकि गले पर खरोंच के निशान थे। उसकी चप्पल कुछ दूरी पर पड़ी मिली। हालांकि शरीर पर पहने आभूषण सुरक्षित थे।

हत्या का मुकदमा दर्ज

परिवारीजनों के अनुसार मनीता के पास मोबाइल फोन भी था, जिसमें सिम कार्ड नहीं था और वह उसका उपयोग केवल टार्च के रूप में करती थीं। घटनास्थल से मोबाइल और खाने का टिफिन बाक्स भी गायब था। वहीं पास में बीयर की खाली बोतल मिलने से भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने दशरथ लाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शराबियों की करतूत पर निगाह

नेवादा प्रतिनिधि के अनुसार मनीता की हत्या किसने की, हत्यारे का मकसद क्या था? जैसे तमाम  सवालों का जवाब न पुलिस के पास है और न ही स्वजन के पास। ग्रामीण भी घटना को लेकर हतप्रभ हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि दशरथ लाल का पूरा-परिवार बेहद सरल व सहज था। किसी से कोई रंजिश भी नहीं थी, ऐसे में उसकी पत्नी की हत्या क्यों व किस मकसद से की गई।

परिवार की किसी से रंजिश नहीं

सराय अकिल क्षेत्र के दशरथ लाल पासी और उसके परिवार की गांव में किसी से रंजिश नहीं है। भूमि का विवाद भी पट्टीदारों से नहीं है। दशरथ किसानी के अलावा पशुपालन कर स्वजन का भरण-पोषण करता है। तीन बेटी व दो बेटों के बीच वह पत्नी मनीता के साथ हंसती खेलती जिंदगी बसर कर रहा है। दशरथ लाल ने बताया कि बड़ी बेटी मनीता (बेटी का भी नाम मनीता है), रीना व एक बेटे केश कुमार की वह शादी कर चुका है।

घर से एक किमी दूर गोशाला में रहते थे पति

बेटा घीसन व बेटी अंजलि अविवाहित हैं। विवाहित बेटी राजी-मजे से अपनी ससुराल में रहती हैं। घर में बहू आने के बाद दशरथ लाल ने भी घर से करीब एक किलोमीटर दूर अठरहा तालाब के किनारे गोशाला बना ली व मवेशियों के साथ वहीं रहने लगे। पत्नी मनीता रोज सुबह-शाम घर से खाना लेकर उसे पहुंचाने जाती थी। परिवार के लोगों ने भी पुलिस से किसी पर शक जाहिर नहीं किया है।

बाग शराबियों का है अड्डा

घटनास्थल के समीप मिली बीयर की खाली केन से नशेड़ियों के एंगल पर भी पुलिस ने अब जांच शुरू की है। पता चला है कि जिस स्थान पर शव मिला, वहीं से एक किलोमीटर दूरी पर नेवादा में कंपोजिट शराब की दुकान है। नशेड़ी वहां से शराब लेकर बाग में ही आकर पैग लड़ाया करते थे। अब पुुलिस शराब की दुकान में लगे कैमरे की फुटेज भी निकाल रही है।

घटनास्थल पर घसीटे जाने के निशान मिले

पुलिस का मानना है कि बाग में बैठकर शराब पी रहे लोगों से मृतका का विवाद होना भी घटना का कारण हो सकता है। शायद मनीता उन्हें पहचानती होगी, जिसमें मारपीट या अन्य कारण का राज खुलने के डर से उसे बांस की कोट के समीप मार डाला गया हो। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो घटनास्थल पर घसीटने के भी निशान मिले हैं। फिलहाल इस संबंध में सीओ चायल अभिषेक सिंह का कहना है कि कई बिंदुओं से घटना की जांच की जा रहा है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *