हनवारा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत मोबाइल फोन चार्ज करने को लेकर हो रही है।
ऐसे में ग्रामीणों ने देशी जुगाड़ का अनोखा तरीका खोज निकाला है।क्षेत्र के कई गांवों में वर्षों से खराब पड़े सोलर जलमीनार, जो पेयजल आपूर्ति के लिए लगाए गए थे, अब मोबाइल चार्जिंग के काम आ रहे हैं। जलमीनार से जुड़े सोलर पैनल अभी भी बिजली उत्पादन कर रहे हैं, जबकि जलापूर्ति व्यवस्था बंद पड़ी है।
ग्रामीणों ने उसी सौर ऊर्जा का उपयोग मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए शुरू कर दिया है। दिनभर जलमीनार के आसपास लोगों की भीड़ लगी रहती है। कोई अपना मोबाइल चार्ज कर रहा है तो कोई बारी का इंतजार करता नजर आता है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली नहीं रहने से संचार व्यवस्था प्रभावित हो रही है। मोबाइल डिस्चार्ज होने के कारण लोगों को जरूरी कॉल करने, ऑनलाइन कार्य करने तथा परिजनों से संपर्क बनाए रखने में कठिनाई हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि खराब सोलर जलमीनार अब संकट की घड़ी में सहारा बन गया है। हालांकि उन्होंने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि सामान्य जनजीवन पटरी पर लौट सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यह देशी जुगाड़ भले ही अस्थायी राहत दे रहा हो, लेकिन क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति ही समस्या का स्थायी समाधान है।


