उत्तराखंड: बागेश्वर के पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर सहारनपुर का पर्यटक लापता, सर्च ऑपरेशन शुरू

1759 Shares

पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर गया एक पर्यटक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस, वन विभाग तथा एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश सहारनपुर निवासी 35 वर्षीय अभिषेक चौहान पुत्र रघुनाथ चौहान 28 मई को गाइड आनंद राम के साथ खाती से द्वाली की ओर ट्रैकिंग के लिए निकला था।

29 मई को वापसी के दौरान मलियाधौड़ क्षेत्र में अभिषेक कुछ देर रुक गया तथा उसने गाइड को आगे जाने के लिए कह दिया। काफी समय तक अभिषेक के नहीं पहुंचने पर गाइड आनंद राम को चिंता हुई।

वह वापस मलियाधौड़ क्षेत्र में पहुंचा और उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वह रात में खाती गांव पहुंचा और मामले की जानकारी वन विभाग के रेंजर डौली डोभाल को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर रवाना हुई और लापता पर्यटक की तलाश शुरू कर दी। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के बीच सर्च अभियान लगातार जारी है।

अधिकारियों का कहना है कि पर्यटक की तलाश के लिए आसपास के जंगलों, ट्रैक मार्गों और संभावित स्थानों पर गहन खोजबीन की जा रही है। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि अभियान जारी है और पर्यटक का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *