साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग व निवेश के बहाने ठगी करने के आरोपित पंजाब के फिरोजपुर के गांव धारणा निवासी तरसेन उर्फ गोविंद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित से पांच हजार रुपये की राशि भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीप सिंह ने बताया कि सफीदों निवासी विकास ने पुलिस को शिकायत देकर कहा था कि वह ऑनलाइन क्रिकेट टीम बनाकर गेम खेलता था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति की कॉल आई।
कॉल करने वाले ने स्वयं को ड्रीम इलेवन कंपनी का कर्मचारी बताया और टीम बनाकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। आरोपित ने उसे वॉट्सऐप पर फर्जी कार्यालय, टीम निर्माण व अन्य स्क्रीन शाट भेजे। अलग-अलग बहानों से आरोपित ने झांसे में लेकर एक लाख 78 हजार 480 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
इसके बाद आरोपित विभिन्न चार्ज के नाम पर और ज्यादा पैसे मांगने लगा। साइबर थाना पुलिस ने विकास की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। थाना प्रभारी जगदीप ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के भरतपुर निवासी जसवंत व पंजाब के फिरोजपुर निवासी राजकुमार उर्फ राज को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपितों से पूछताछों में फिरोजपुर के गांव धारणा निवासी तरसेन उर्फ गोविंद का नाम सामने आया। शुक्रवार शाम को तरसेन को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर पांच हजार रुपये की राशि भी बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


