बलरामपुर संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने सुनी जन शिकायतें, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी तो अधिकारियों के सामने दर्द और परेशानियों की लंबी फेहरिस्त खुल गई। कोई खाद की कालाबाजारी से परेशान दिखा तो कोई वर्षों से लंबित जमीन विवाद को लेकर न्याय की गुहार लगाता नजर आया। राशन कार्ड में नाम जोड़वाने के लिए कई दिनों से कार्यालयों के चक्कर काट रहे लोगों ने भी अपनी व्यथा सुनाई।
अहिरौला सादुल्लाहनगर निवासी अमित कुमार ने जिलाधिकारी से कहा कि साहब, खेती का समय है, लेकिन किसानों को खाद नहीं मिल रही है। समितियों से रात में बिक्री की जा रही है। खाद लेने जाओ तो जिंक खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है। ऐसे में किसान कहां जाएं।c
जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने संबंधित अधिकारी को तलब कर तत्काल निस्तारण का निर्देश दिया। सबसे भावुक फरियाद महिली गांव के केशवराम की रही। कांपती आवाज में उन्होंने बताया कि दो वर्ष से उनका जमीन संबंधी मामला लेखपाल ने लंबित कर रखा है।
आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर फर्जी सुलहनामा लगाकर रिपोर्ट भेज दी गई। जब मैं बीमार था, उसी दौरान कुछ जमीन पर कब्जा भी करा दिया गया। मेरे दामाद पर फर्जी मुकदमा तक दर्ज करा दिया गया। हुजूर, अब आपसे ही न्याय की उम्मीद है। बरमभारी निवासी खलील अहमद ने जिलाधिकारी से फरियाद की कि साहब पिछले 15 दिनों से राशन कार्ड में नाम जोड़वाने के लिए पूर्ति कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं।
परिवार के अन्य सदस्यों का नाम राशन कार्ड में दर्ज है, लेकिन मेरा नाम सूची से गायब है। वहीं जुनैदपुर निवासी साधुशरन ने कहा कि घर के सामने ईंट रखकर निकास का रास्ता व दरवाजा बंद कर दिया गया है, जिससे परिवार को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने सुनवाई कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि शिकायतों के निस्तारण में कागजी कोरम पूरा करने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें तथा फरियादियों की समस्याओं का सहानुभूतिपूर्वक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मुकेश रस्तोगी, उप जिलाधिकारी योगेंद्र शरण शाह मौजूद रहे। बलरामपुर में अपर जिलाधिकारी ज्योति राय व तुलसीपुर में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्त ने फरियाद सुनी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

