चित्रकूट में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, 400 साल पुराना शिव मंदिर ढहा, पेड़ गिरने से कई तोतों की मौत

 यूपी के चित्रकूट में गुरुवार देर रात करीब दो बजे आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। कई स्थानों पर पेड़, टीनशेड और होर्डिंग्स गिर गए, जबकि जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाके बिजली व्यवस्था भी घंटों से बाधित है। राजापुर तहसील के सिधौली गांव में करीब 400 वर्ष पुराना शिवलिंग मंदिर पूरी तरह धराशायी हो गया। साथ ही शिव-हनुमान मंदिर को भी नुकसान पहुंचा है।

मऊ तहसील में ब्लॉक परिसर के अंदर एक बड़ा पेड़ गिरने से वहां खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। राजापुर कस्बे में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित डा. भीमराव अंबेडकर चौक तेज आंधी की चपेट में आकर धराशायी हो गया। मानिकपुर स्टेशन के पास आंधी का सबसे मार्मिक असर देखने को मिला।

पीपल और नीम के पेड़ों में बने घोंसले टूटने से सैकड़ों तोतों की मौत हो गई। घटना के बाद रेल कर्मचारियों ने मृत पक्षियों को एकत्र कर दफनाया। आंधी के कारण कई इलाकों में पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त होने से रातभर आपूर्ति बाधित रही। हालांकि प्रशासन के अनुसार जनपद में किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें राहत एवं बहाली कार्य में जुटी रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *