‘एक कुर्बानी दे दी, अब तेरी देंगे’, दिल्ली में डिप्टी चेयरमैन मुकेश बंसल को मिली जान से मारने की धमकी

शाहदरा उत्तरी जोन के डिप्टी चेयरमैन मुकेश बंसल को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बंसल की शिकायत पर ज्योति नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल करने वाले की पहचान करने और धमकी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

मुकेश बंसल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 28 मई को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का काल आया। आरोप है कि कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

बंसल के अनुसार, कॉल करने वाले ने कहा, आज एक कुर्बानी दे दी है, अब तेरी कुर्बानी जल्द देंगे। इसके बाद फोन काट दिया गया।

मुकेश बंसल ने बकरीद को लेकर जारी किए थे कई वीडियो

दरअसल, हाल ही में मुकेश बंसल ने बकरीद को लेकर इंटरनेट मीडिया पर कई वीडियो जारी किए थे। इन वीडियो में उन्होंने लोगों से दिल्ली सरकार और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाने की अपील की थी।

उन्होंने यह भी कहा था कि किसी भी प्रतिबंधित पशु की बलि नहीं दी जानी चाहिए। इसके अलावा बंसल ने जाफराबाद रोड पर सड़क किनारे लगने वाली बकरों की मंडी का भी विरोध किया था।

उनका कहना था कि सड़क पर मंडी लगने से यातायात बाधित होता है और स्थानीय लोगों को जाम व अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस मुद्दे को भी सार्वजनिक रूप से उठाया था।

डीसीपी उत्तर पूर्वी जिला राहुल अलवाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और काल करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *