ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित जूरन छपरा में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान नवविवाहिता की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित स्वजन ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।
इलाज के दौरान बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार मनियारी थाना क्षेत्र के महंत मनियारी गांव निवासी राकेश कुमार की 20 वर्षीय पत्नी प्रीति कुमारी की तबीयत खराब होने पर स्वजन उसे इलाज के लिए जूरन छपरा स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां चिकित्सक ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया।
स्वजन का आरोप है कि महिला को मामूली परेशानी थी। इलाज के दौरान एक इंजेक्शन दिए जाने के तुरंत बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मौत के बाद फूटा स्वजन का गुस्सा
महिला की मौत की खबर मिलते ही स्वजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने चिकित्सक और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामे की स्थिति बनते देख अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारी मौके से निकल गए। इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
घटना के विरोध में स्वजन और स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद सड़क जाम हटाया जा सका।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


