अक्सर आपने सुना होगा कि फिल्ममेकर्स को अभिनेता और अभिनेत्री की कास्टिंग के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, जो अपने किरदार में सही बैठ सकेंगे। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि फिल्म में एक ट्रक की कास्टिंग के लिए मेकर्स को माथापच्ची करनी पड़ी हो।
ऐसा हाल ही में हुआ है, जब अभिनेता और निर्देशक पीटर विल्सन ने अपनी अपकमिंग साइकोलॉजिकल थ्रिलर आबसेस में ट्रक को एक अहम पात्र के तौर पर रखा है। पूरा मामला क्या है, आइए जानते हैं-
आबसेस में ट्रक का भी लीड रोल
कई बार फिल्मो में कलाकारों के साथ-साथ प्रयोग हुई कुछ चीजें भी एक पात्र की तरह होती हैं, जिनका चुनाव फिल्मकार बहुत ध्यान से करते हैं। जिस तरह फिल्म धूम में निर्देशक संजय गढ़वी ने कई मोटरसाइकिलों को देखने के बाद एक को चुना था। फिल्म आबसेस के लिए फिल्म के अभिनेता और निर्देशक पीटर विल्सन ने ट्रक का चुनाव किया है।
फिल्म में पीटर पात्र ज्यादातर हिस्सों में वही ट्रक चलाता दिखता है। इस बारे में पीटर बताते हैं, ‘ट्रक भी फिल्म एक अहम पात्र है। कलाकारों की तरह उसकी भी हमने कास्टिंग की है। हमें ऐसा ट्रक चाहिए था जिसका चेहरा या सामने वाला हिस्सा गुस्से में दिखे। हालांकि, हमें ज्यादातर ट्रकों का सामने वाला हिस्सा ऐसे दिखा मानो वो मुस्कुरा रहे हों।
मैं चाहता था कि उसे देखकर ही डर लगे। बड़ी मुश्किल से एक ट्रक मिला। शूटिंग से पहले एक तरफ पीटर का मेकअप होता था, दूसरी तरफ ट्रक का, ताकि हम उसे फिल्म में दिखाए रूप में ढाल सकें।’
पीटर बताते हैं कि मुझे इसमें अभिनय नहीं करना था, मैंने इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकारों से संपर्क किया, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। फिर मेरी टीम ने कहा कि आप ही यह भूमिका निभाओ। मैंने इसके लिए अपना वजन भी काफी बढ़ाया।
कब रिलीज होगी फिल्म आबसेस
बात की जाए फिल्म आबसेस की रिलीज डेट के बारे में तो 29 मई 2026 को ये मूवी सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। पीटर विल्सन के अलावा इस मूवी में आपको बिग बॉस फेम और टीवी एक्ट्रेस ईशा सिंह भी लीड रोल में नजर आएंगी।


