नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने बुधवार को रियासी जिले में अलग-अलग जगहों से नशीले पदार्थों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपितों से 160 ग्राम गांजा और नकदी तथा 19.24 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रियासी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सेरली नाका पर एक युवक को 160 ग्राम गांजा और नकदी सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार कटड़ा में सेरली नाका पर नियमित नाका जांच के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक को पैदल चंबा से सेरली की तरफ आता दिखाई दिया। युवक के कंधे पर लाल-हरे रंग का स्लिंग बैग था।
पुलिस को देखकर वह अचानक पीछे भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस कर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवक के बैग से हरे रंग की पॉलीथिन में पैक लगभग 160 ग्राम गांजा और 38 हजार 900 रुपये नकद भी बरामद हुए।
आरोपित शालिंदर गिरि निवासी बालक नाथ मंदिर, अचलपुर, होशियारपुर (पंजाब) का रहने वाला है। पुलिस थाना कटड़ा में मामला दर्ज किया गया है। वहीं रियासी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 19.24 ग्राम हेरोइन सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पहले मामले में पुलिस को सूचना मिली कि जिज, ठाकराकोट का निवासी मोहम्मद तारिक लाल रंग की में हेरोइन लेकर ज्योतिपुरम मार्ग की ओर जा रहा है। पुलिस ने रास्ते में नाका लगाकर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 16.67 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दूसरे मामले में मंगलवार रात करीब 10:50 बजे आईआरपी चौक रियासी के पास गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को देखा, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तुरंत उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से काले रंग की पॉलीथिन में लिपटी लगभग 2.57 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपित गणेश कुमार निवासी पनासा, वर्तमान सीला रियासी का रहने वाला है। पुलिस दोनों मामलों में आगे और पीछे के नेटवर्क की जांच कर रही है।


