कल्ली पश्चिम में बुधवार की सुबह हुई प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मार कर हत्या के मामले में पुलिस की टीमें कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही हैं।
हालांकि, अभी तक किसी को पुलिस चिन्हित नहीं कर सकी है। पुलिस जौनपुर से लेकर वृंदावन तक अलग-अलग बिंदुओं पर तथ्य जुटा रही है। पुलिस ने हत्या के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह बुधवार को वृंदावन कालोनी स्थित अपने घर से रायबरेली रोड के कल्ली पश्चिम में अपने कार्यालय पहुंचे थे तभी अज्ञात बदमाशों ने गोलियां मारकर उनकी हत्या कर दी।
अब पीजीआइ थाने की पुलिस लेनदेन और कारोबार में विवाद को केंद्र में रखकर जांच कर रही है। उधर, नकाबपोश बदमाशों की तलाश में पुलिस ने घटनास्थल के पांच किलोमीटर के दायरे में लगे कई सीसी कैमरों की फुटेज एकत्रित की है।
एक-एक कर इन फुटेज को खंगाला जा रहा है। कुछ फुटेज से पुलिस को बदमाशों की तस्वीरें मिली हैं लेकिन बिना नंबर की गाड़ी और चेहरे ढके होने के चलते बदमाश चिन्हित नहीं हो पाए हैं।
दोनों बदमाश किस रास्ते से भागे हैं यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने संदीप का मोबाइल फोन कब्जे में लिया है। इसमें कुछ नंबरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। व्हाट्सएप, टेक्स्ट मैसेज और अन्य इंटरनेट मीडिया खातों से भी पुलिस साक्ष्य एकत्रित करने के प्रयास में है।
इन रास्तों से भागने की संभावना
रायबरेली रोड पर जिस जगह घटना हुई है उससे कुछ ही दूर आगे किसान पथ है। यहां से कानपुर रोड, शहीद पथ और सीतापुर आसानी से जाया जा सकता है। साथ ही रायबरेली भी उसी सड़क पर है। ऐसे में बदमाश किस तरफ भागे यह पता लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।


