झारखंड के खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र में छऊ नृत्य मेला देखने गए दो किशोरों (प्रेमी जोड़े) की अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। आपसी रंजिश और शक के चलते इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि मुख्य हत्यारोपी सुम्बर सिंह मानकी (21 वर्ष) के अलावा शव छिपाने में मदद करने वाले गोमेया सोय (45 वर्ष) और बुधराम सोय (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
दोस्ती, भरोसा और शक की वो खूनी दास्तान
पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई है, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है। मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी। शादी के बाद वह कमाने के लिए बाहर यानी दूसरे राज्य चला गया। जाने से पहले उसने अपने सबसे भरोसेमंद दोस्त विशु पाहन को अपनी पत्नी की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी थी।
सुम्बर की गैरमौजूदगी में उसकी पत्नी की दोस्ती किसी अन्य युवक से हो गई। जब सुम्बर वापस लौटा और उसे यह बात पता चली, तो वह अपनी पत्नी से ज्यादा अपने दोस्त विशु पाहन से नाराज हो गया।
सुम्बर का मानना था कि विशु ने भरोसे को तोड़ा और उसे इस बात की जानकारी क्यों नहीं दी। इसी बात को लेकर सुम्बर के मन में बदले की आग सुलग रही थी।
17 मई की रात: छऊ नृत्य के मेले में खूनी खेल
बीते 17 मई की रात सायको में छऊ नृत्य का कार्यक्रम चल रहा था। विशु पाहन अपनी पूर्व प्रेमिका सुमी मुंडू के साथ मेला देखने पहुंचा था। इसी दौरान मौका पाकर सुम्बर सिंह मानकी ने मेला स्थल से करीब 300 मीटर दूर विशु पर धारदार हथियार यानी टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
जब सुमी मुंडू ने अपने प्रेमी विशु को बचाने का प्रयास किया, तो सिरफिरे सुम्बर ने उस पर भी बेरहमी से वार कर दिए। इस हमले में दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
पहाड़ पर छिपाए शव, ऐसे खुली पोल
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी सुम्बर ने अपने दो सहयोगियों गोमेया सोय और बुधराम सोय को बुलाया और दोनों के शवों को मारंगबुरू पहाड़ की झाड़ियों में छिपा दिया।
अगले दिन पुलिस ने शव बरामद किए थे। घटना के बाद खूंटी एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी, खून से सनी मिट्टी, कपड़े और चप्पल बरामद कर लिए गए हैं।


