गोरौल थाना क्षेत्र के गोरौल चौक पर स्थित एक आभूषण दुकान के मालिक से बाइक सवार बदमाशों ने 10 लाख रुपये से अधिक का सोना-चांदी, नकदी और सामान से भरा झोला झपट्टा मारकर छीन लिया। हैरानी की बात है कि घटना थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई।
गोरौल चौक स्थित राहुल एंड हर्ष ज्वेलर्स के मालिक राहुल कुमार मंगलवार रात करीब 8:30 बजे दुकान का शटर बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे।
बाइक दुकान से करीब 10 मीटर दूर लगाकर एक बदमाश उतरा और राहुल कुमार की मां के हाथ में पकड़े झोले को झपट्टा मारकर छीन लिया। इसके बाद तीनों बाइक पर सवार होकर गोरौल चौक की तरफ फरार हो गए।
राहुल और आसपास के दुकानदारों ने बदमाशों को दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे। राहुल कुमार ने बताया कि झोला में दुकान और लॉकर की चाबी, करीब 30 ग्राम नाक की किल, 35 ग्राम सोने के कान के झुमका, डाला, टप्स,100 ग्राम चांदी का पुराना स्क्रैप और कुछ चांदी का सामान,नकद 24,000 रुपये, मोबाइल, चार्जर, ब्लूटूथ आदि।
कुल नुकसान करीब 10 लाख रुपये का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुकानदार से जानकारी लेने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
थाना के नजदीक हुई इस घटना से स्थानीय दुकानदारों में काफी नाराजगी है। कई घंटे बीत जाने के बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं होने पर दुकानदारों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


